आर्यन खान की वेब सीरीज पर बवाल: समीर वानखेड़े ने नेटफ्लिक्स और रेड चिलीज पर किया मानहानि का केस

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

आर्यन खान की वेब सीरीज पर बवाल: समीर वानखेड़े ने नेटफ्लिक्स और रेड चिलीज पर किया मानहानि का केस

अक्टूबर 2021 में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के ड्रग्स केस से सुर्खियों में आए IRS अधिकारी समीर वानखेड़े एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है। वानखेड़े ने शाहरुख और गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और अन्य के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड पर आपत्ति

वानखेड़े की शिकायत का केंद्र है नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज “द बैड्स ऑफ बॉलीवुड”, जिसे आर्यन खान ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। इसमें अभिनेता बॉबी देओल समेत कई कलाकार नजर आए हैं।

वानखेड़े का आरोप है कि इस सीरीज का एक सीन “झूठा, दुर्भावनापूर्ण और बदनाम करने वाला” है। उनका कहना है कि इसमें नशे के खिलाफ काम करने वाली एजेंसियों को नकारात्मक और भ्रामक तरीके से पेश किया गया है, जिससे जनता का भरोसा कानून प्रवर्तन संस्थानों से कम हो सकता है।

गलत इमेज’ दिखाने का आरोप

समीर वानखेड़े का कहना है कि इस सीरीज के जरिए उनकी छवि को जानबूझकर बिगाड़ा गया है। खासकर तब, जब उनसे जुड़ा आर्यन खान ड्रग्स केस अभी भी बॉम्बे हाई कोर्ट और एनडीपीएस स्पेशल कोर्ट, मुंबई में विचाराधीन है।

विवादित सीन और ‘सत्यमेव जयते’ का मुद्दा

शिकायत में एक खास सीन को बेहद आपत्तिजनक बताया गया है। इसमें एक किरदार “सत्यमेव जयते” का नारा लगाता है और उसके तुरंत बाद अभद्र इशारा करता है। वानखेड़े का कहना है कि यह 1971 के नेशनल ऑनर एक्ट का गंभीर उल्लंघन है और इसके लिए सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता का उल्लंघन

IRS अधिकारी ने दावा किया है कि सीरीज की सामग्री आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कई प्रावधानों का उल्लंघन करती है। इसके लिए उन्होंने 2 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग की है। वानखेड़े ने यह भी कहा है कि यह रकम वह टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल को दान करेंगे ताकि मरीजों के इलाज में इस्तेमाल हो सके।

ड्रग्स केस से लेकर अब तक का विवाद

याद दिला दें कि अक्टूबर 2021 में आर्यन खान को मुंबई क्रूज़ ड्रग्स केस में समीर वानखेड़े की टीम ने गिरफ्तार किया था। आर्यन को 22 दिन जेल में रहना पड़ा था और 31 अक्टूबर को ज़मानत मिली थी। इस केस के दौरान कई विवाद हुए, जिनमें से एक यह भी था कि ज़मानत आदेश समय पर जेल तक न पहुंचने के कारण आर्यन को एक रात और जेल में रहना पड़ा।

बाद में यह केस सीबीआई तक पहुंचा और समीर वानखेड़े खुद जांच के घेरे में आ गए। वर्तमान में यह मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है। इस बीच आर्यन खान की डायरेक्शन में बनी वेब सीरीज ने इस पुराने विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।