टीम इंडिया के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी एक्स वाइफ धनाश्री वर्मा के लगाए गए धोखा देने के आरोपों पर पहली बार खुलकर चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में एक इंटरव्यू में चहल ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताते हुए कहा कि यह अध्याय उनके जीवन से पूरी तरह खत्म हो चुका है और अब वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं।
धनाश्री वर्मा ने कुछ दिन पहले रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में अपने एक्स पति युजवेंद्र चहल पर शादी के दो महीने के अंदर धोखा देने का आरोप लगाया था। शो का वह क्लिप वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर चहल और धनाश्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
“अगर दो महीने में धोखा हुआ होता, तो शादी साढ़े चार साल तक नहीं चलती” – चहल
युजवेंद्र चहल ने कहा, “मैं एक खिलाड़ी हूं, धोखा देना मेरी फितरत में नहीं है। अगर कोई शादी के दो महीने में धोखा देता है, तो वह रिश्ता साढ़े चार साल तक कैसे चलता? मेरे लिए यह चैप्टर खत्म हो चुका है और अब इसे फिर से खोलने का कोई मतलब नहीं।”
चहल ने आगे कहा कि वे अपनी निजी जिंदगी से पूरी तरह आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन कुछ लोग अब भी उसी पुराने मुद्दे को पकड़े बैठे हैं। “कुछ लोग आज भी उस बात को नहीं छोड़ पा रहे हैं। उनका घर अब भी मेरे नाम से चल रहा है। अगर वे ऐसा करते रहना चाहते हैं, तो करते रहें। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता और न ही मैं इससे प्रभावित हूं।”
“सच सिर्फ एक है, और जो लोग मायने रखते हैं, वे उसे जानते हैं”
चहल ने यह भी कहा कि आज सोशल मीडिया के दौर में कोई भी कुछ भी कह देता है और वह बात पलभर में वायरल हो जाती है।
“आज के समय में सौ बातें कही जाती हैं, लेकिन सच सिर्फ एक ही होता है। जो लोग वाकई मायने रखते हैं, वे सच्चाई जानते हैं। मेरे लिए यह चैप्टर बंद है और मैं इसे दोबारा कभी नहीं उठाना चाहता।”
“अब मेरा फोकस सिर्फ खेल और परिवार पर है”
अपने वर्तमान जीवन और रिलेशनशिप स्टेटस पर बात करते हुए चहल ने साफ कहा कि वह फिलहाल सिंगल हैं और किसी नए रिश्ते में जाने की कोई योजना नहीं है।“मैं अभी अपनी जिंदगी में खुश हूं। मेरा पूरा ध्यान क्रिकेट और अपने परिवार पर है। मेरी मां खुश हैं, मैं खुश हूं, और यही मेरे लिए सबसे अहम बात है।”
धनाश्री ने लगाया था चहल पर धोखा देने का आरोप
गौरतलब है कि कुछ समय पहले धनाश्री वर्मा ने एक रियलिटी शो में अपने और चहल के रिश्ते पर खुलकर बात करते हुए कहा था कि उन्हें शादी के शुरुआती दो महीनों में ही धोखा मिला था। इसके बाद सोशल मीडिया पर चहल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि, क्रिकेटर ने अब पहली बार इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
चहल का साफ संदेश – “मैं आगे बढ़ चुका हूं, बाकी भी बढ़ें”
चहल ने कहा,
“मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुका हूं। बाकी लोगों को भी ऐसा करना चाहिए। अब मैं इस मुद्दे पर आखिरी बार बोल रहा हूं।”