बहु से परेशान सास और पति पहुंचे एसपी ऑफिस

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

बहु से परेशान सास और पति पहुंचे एसपी ऑफिस

ग्वालियर | ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां मां और बेटा बहू से परेशान होकर न्याय की गुहार लगाने पहुंचे। मां बेटे का आरोप है कि बहू काला रंग होने के कारण बेटे को प्रताड़ित करती है। आए दिन मारपीट कर आईफोन, AC और दूसरी चीजों की डिमांड करती है। डिमांड पूरी न होने पर आत्महत्या की धमकी देती है। दो बार फांसी लगाने का प्रयास भी कर चुकी है। उसकी प्रताड़ना वीडियो भी पुलिस को थमाया है। एसपी ऑफिस में मौजूद अधिकारियों ने मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

दरअसल मामला ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोशपुरा नंबर एक का है। यहां रहने वाली अतर देवी अपने बेटे कमल किशोर और परिवार के साथ एसपी ऑफिस पहुंची। पीड़ित मां ने बताया कि उनकी बहू लतेश माहौर लगातार पूरे परिवार को प्रताड़ित कर रही है। दहेज के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर बहू अत्याचार कर रही है। अतर देवी का आरोप है कि बहू घर में खाना नहीं बनाती और न ही कोई काम करती है। शादी में मिला पूरा जेवर और सामान बहू के कब्जे में है। मेरे बेटे का रंग काला है इसलिए बहू उसे काला बोलकर ताने मारती है और मारपीट करती है। आईफोन और AC की डिमांड करती है। मना करने पर आत्महत्या की धमकी देती है।पीड़ित सास ने बताया कि बहू के माता पिता उसे भड़काते हैं। कहते हैं कि इन्हें इतना तंग करो कि यह तलाक दे दें। एक दिन पहले ही बहू ने दुपट्टे से फांसी लगाने का प्रयास किया था। 

मामले की शिकायत किलागेट थाने में भी की थी। लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। मजबूर होकर एसपी ऑफिस आना पड़ा। एसपी ऑफिस में शिकायत सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। ग्वालियर थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। आमतौर पर ससुराल में बहू के प्रताड़ित होने के मामले सामने आते हैं। लेकिन यहां मामला उल्टा है। बहू से परेशान सास और पति न्याय के लिए भटक रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि सच्चाई क्या है। फिलहाल पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।