ग्वालियर: वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी डॉ. केशव पांडे के व्यक्तित्व, पत्रकारिता और सामाजिक योगदान पर आधारित पुस्तक “सफलता के साक्षी” का भव्य विमोचन बुधवार को ग्वालियर के शीतला सहाय सभागार, कैंसर हॉस्पिटल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शहर के वरिष्ठ साहित्यकार, पत्रकार, शिक्षाविद, समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य हस्तियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध अभिनेता, गायक, संगीतकार एवं गीतकार पीयूष मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार श्रीधर पराड़कर ने की। वहीं डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव, डॉ. केशव पांडे और दीपक तोमर विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।

दीप प्रज्वलन और डॉक्यूमेंट्री से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद डॉ. केशव पांडे के जीवन, संघर्ष, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा और जनहित में किए गए कार्यों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उपस्थित लोगों ने उनके बहुआयामी व्यक्तित्व, समाज के प्रति समर्पण और जनसेवा के विभिन्न आयामों को करीब से जाना।
अतिथियों ने किया ‘सफलता के साक्षी’ पुस्तक का विमोचन
डॉक्यूमेंट्री के पश्चात मंचासीन अतिथियों ने “सफलता के साक्षी” पुस्तक का विधिवत विमोचन किया। इस पुस्तक में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित साहित्यकारों, समाजसेवियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों द्वारा डॉ. केशव पांडे के व्यक्तित्व, कृतित्व और समाजहित में किए गए कार्यों पर व्यक्त विचारों का संकलन किया गया है।
पीयूष मिश्रा ने डॉ. केशव पांडे के कार्यों की सराहना की
मुख्य अतिथि पीयूष मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. केशव पांडे ने पत्रकारिता को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के जीवन और कार्यों को पुस्तक के रूप में संरक्षित करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है।
श्रीधर पराड़कर बोले- यह केवल पुस्तक नहीं, प्रेरणादायी दस्तावेज
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार श्रीधर पराड़कर ने कहा कि डॉ. केशव पांडे ने निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक चेतना और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि “सफलता के साक्षी” केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा का जीवंत दस्तावेज है।
विशिष्ट अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
विशिष्ट अतिथि डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव और दीपक तोमर ने भी डॉ. केशव पांडे के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए पुस्तक के प्रकाशन पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारिता, साहित्य, सामाजिक सेवा और जनजागरण के क्षेत्र में डॉ. केशव पांडे के योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और शुभकामनाओं से गूंज उठा। यह आयोजन शहर के साहित्यिक एवं सामाजिक जगत के लिए एक प्रेरणादायी और स्मरणीय अवसर बन गया।
इस अवसर पर यशवंत इन्द्रापुरकर, एम.डी. पाराशर, किशन मुदगल, महेश मुदगल, महेश कटारे, डॉ. एस.एम. तिवारी, डॉ. अशोक मिश्रा, अरविंद जैमिनी, टी.एन. मनीष, हरिओम गौतम, रामबाबू कटारे और राजेंद्र मुदगल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

