दोस्त ने दोस्त पर चाकू से किया वार

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

दोस्त ने दोस्त पर चाकू से किया वार

ग्वालियर | ग्वालियर में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में दो साथियों ने अपने ही तीसरे साथी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। घायल को लहूलुहान छोड़कर आरोपी भाग गए। नशा उतरने के बाद एक आरोपी ने घायल की पत्नी पर समझौते का दबाव बनाया। पुलिस ने चाल चली और घायल की पत्नी से आरोपी को समझौते के बहाने अस्पताल बुलवाया। आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के भेष में अस्पताल पहुंचा लेकिन पुलिस की नजर से बच नहीं पाया। उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी फरार है।

दरअसल वारदात देर रात कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ागुढ़ी का नाका की है। सिंगल बस्ती मुरैना निवासी रचना और पति देवेंद्र मौर्य को पुट्टी से भरा ट्रक खाली करने का काम मिला था। मजदूरी के लिए धर्मेंद्र सिंह भदौरिया और पप्पू भदौरिया भी उनके साथ पहुंचे थे। रात करीब 3 बजे काम खत्म हुआ। साधन न मिलने पर तीनों दुकान के बाहर बैठ गए। मजदूरी का पैसा मिलने पर देवेंद्र ने धर्मेंद्र और पप्पू के साथ शराब पीने का प्लान बनाया। तीनों शराब पीने चले गए। थोड़ी देर बाद देवेंद्र लौट आया। कुछ देर बाद धर्मेंद्र और पप्पू भी लौटे तो देवेंद्र से उनका विवाद हो गया। तैश में आकर दोनों ने देवेंद्र के पेट, सीने, हाथ और गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए और उसे लहूलुहान छोड़कर भाग गए। गंभीर हालत में पत्नी रचना देवेंद्र को जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंची। दूसरे दिन आरोपी धर्मेंद्र ने समझौते की कोशिश की। उसने रचना से कहा कि पुलिस में रिपोर्ट मत करो इलाज का पूरा खर्च वह उठाएगा। रचना ने उस समय कोई जवाब नहीं दिया बल्कि पुलिस को पूरा घटनाक्रम बता दिया।

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई। रचना के जरिए धर्मेंद्र को समझौते के बहाने अस्पताल मिलने बुलाया गया। आरोपी धर्मेंद्र को अंदेशा था कि अस्पताल में पुलिस हो सकती है। इसलिए उसने चकमा देने के लिए सलवार-सूट पहन लिया और महिला के भेष में अस्पताल पहुंच गया। जंहा पुलिस ने चाल-ढाल उसे पहचान लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि आरोपी का दूसरा साथी पप्पू भदौरिया फरार हो गया है। वही पुलिस ने घायल देवेंद्र की पत्नी की शिकायत पर दोनो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर अब फरार आरोपी पप्पू भदौरिया की तलाश में दबिश दे रही है। चाकू और सलवार-सूट जब्त कर लिए गए हैं। घायल देवेंद्र की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि नशे में विवाद कर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post