ग्वालियर में नवविवाहिता को दहेज के लिए किया प्रताड़ित

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में नवविवाहिता को दहेज के लिए किया प्रताड़ित

ग्वालियर | ग्वालियर में सरकारी नौकरी का झांसा देकर 90 लाख की दहेज शादी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरार इलाके के एमटेक दूल्हे गौरव जैन ने खुद को कलेक्ट्रेट का जनसंपर्क अधिकारी बताकर मुरैना की युवती से शादी की। हकीकत में उसकी नौकरी कॉन्ट्रैक्ट पर थी जो शादी से पहले ही खत्म हो चुकी थी। नौकरी छूटने के बाद ससुराल वालों ने 50 लाख की और मांग शुरू कर दी। प्रताड़ित नवविवाहिता ने महिला थाने में शिकायत की। वही पुलिस ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है। वही महिला थाना पुलिस जांच में जुट गई है। 

जानें पूरा मामला

दरअसल मुरैना जिले की रहने वाली 36 साल की शिखा जैन ने शिकायत दर्ज कराई है। शिखा का विवाह 30 नवंबर 2025 को मुरार के बारादरी चौराहा निवासी गौरव जैन के साथ हुआ था। शिखा के पिता शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। शादी से पहले लड़के वालों ने बताया था कि गौरव एमटेक किया हुआ है और सरकारी जनसंपर्क अधिकारी की नौकरी में है। 

शिखा के मुताबिक पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर करीब 80 से 90 लाख रुपए शादी में खर्च किए। शादी से पहले ही ससुराल पक्ष की मांग पर 21 लाख नगद, 5 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और घर-गृहस्थी का सामान दिया गया। इसके अलावा शादी में 35 तोला सोना और 3 किलो चांदी के बर्तन भी दिए। पीड़िता का आरोप है कि विदाई के दूसरे दिन से ही ससुराल वालों ने ताने मारना शुरू कर दिया। ससुरालियों ने कहा, “हमारा बेटा एमटेक है और सरकारी नौकरी में है। हमें उम्मीद थी कि तुम्हारे पिता कम से कम दो करोड़ रुपए देंगे। उन्होंने तो 80-90 लाख में ही निपटा दिया। ससुराल पहुंचने के बाद चार माह तक उसने पति गौरव को कभी दफ्तर जाते नहीं देखा। पूछने पर गौरव कहता था कि जूनियर काम संभाल लेते हैं। बाद में पता चला कि गौरव की जनसंपर्क विभाग में कॉन्ट्रैक्ट बेस पर नौकरी थी जो नवंबर में शादी से पहले ही खत्म हो गई थी। इसके बाद शिखा पर मायके से 50 लाख नगद लाने का दबाव बनाया जाने लगा। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने शिखा का मोबाइल छीन लिया और मारपीट शुरू कर दी। उसे मायके बात तक नहीं करने दी जाती थी। 

प्रताड़ना बढ़ने पर मार्च 2026 में शिखा ने परिजनों को सूचना दी। पिता और रिश्तेदार जब समझाने ससुराल पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की। आरोप है कि ससुराल वालों ने मांग पूरी न होने पर जान से मारने और तलाक की धमकी दी। इसके बाद 25 मार्च 2026 को पति गौरव, सास लक्ष्मी जैन, देवर सौरभ जैन, ननद रूचि जैन और कामिनी जैन ने शिखा को बुरी तरह पीटा। सिर्फ पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया और उसके सभी गहने भी रख लिए।जिसके बाद पीड़िता मायके पहुंची और महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। वही महिला थाना पुलिस ने शिखा जैन की शिकायत पर पति गौरव जैन, सास लक्ष्मी जैन, देवर सौरभ जैन, ननद रूचि जैन और कामिनी जैन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और आपराधिक धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।