ग्वालियर | ग्वालियर में गर्मी की छुट्टियां बिताने भाई के घर आई 15 साल की नाबालिग का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। बाइक सवार दो बदमाश उसे उठा ले गए। लेकिन पुलिस की तत्परता और शहर में हुई सख्त नाकाबंदी से आरोपी घबरा गए और एक घंटे बाद नाबालिग को छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है और उनकी तलाश की जा रही है।
जानें पूरा मामला
दरअसल ग्वालियर थाना क्षेत्र के किला गेट निवासी जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय चचेरी बहन सुनीता भिंड से गर्मियों की छुट्टियों में उनके घर आई थी। कल श्याम दवा लेने के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। आसपास पूछताछ के बाद मोहल्ले में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो युवक सुनीता को बाइक पर बैठाकर ले जाते नजर आए। अपहरण की पुष्टि होते ही परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शहरभर में नाकाबंदी कर दी। शहर के सभी एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नाकाबंदी की खबर लगते ही आरोपी घबरा गए। करीब एक घंटे तक बदमाश बहोड़ापुर और उपनगर ग्वालियर की गलियों में नाबालिग को बाइक पर घुमाते रहे। शहर से बाहर निकलने का रास्ता न मिलने पर दोनों आरोपी नाबालिग को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया। फिलहाल सुनीता ने घर जाने से इनकार किया है। इसके बाद पुलिस ने उसे काउंसलिंग और सुरक्षा के लिए वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज और नाबालिग के बयान के आधार पर एक आरोपी की पहचान दीपक प्रजापति के रूप में की है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। दोनों के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। वही पुलिस आरोपी के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का नाबालिग से पहले से कोई संपर्क था या नहीं।

