ग्वालियर | ग्वालियर क्राइम ब्रांच पुलिस को ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। श्रीलंका और दुबई से ऑपरेट हो रहे ऑनलाइन सट्टे का लोकल सेंटर बहोड़ापुर की शिवनगर कॉलोनी में चलता मिला है। यहां दिन और रात की शिफ्ट में सट्टे का कारोबार चल रहा था। 25-25 हजार रुपये की पगार पर गुजरात से ट्रेंड बुकी रखे गए हुए थे। पुलिस ने दबिश देकर 10 सटोरियों को गिरफ्तार किया है।
जानें पूरा मामला
दरअसल मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शिवनगर कॉलोनी, मोतीझील का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मपाल यादव के मकान में ऑनलाइन सट्टे का अड्डा चल रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने ठिकाने पर छापा मारा।छापे के दौरान घर के एक कमरे में पांच लोगों की टीम सट्टा बुकिंग कर रही थी। वहीं नाइट शिफ्ट के मेंबर दूसरे कमरों में आराम कर रहे थे। पुलिस ने सभी को मौके से पकड़ लिया। यह कारोबार शहर की आऊटर कॉलोनी में करीब 8 महीने से चल रहा था। इस अड्डे को पवन उर्फ गोलू यादव उम्र 21 साल निवासी बुंदेला कॉलोनी दतिया और देवेन्द्र उर्फ देवा उम्र 24 साल निवासी शिवनगर कॉलोनी ऑपरेट कर रहे थे।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उनका सीधा संपर्क श्रीलंका और दुबई के सटोरियों से है। उन्होंने 3.5 लाख रुपये में ऑनलाइन सट्टे की 100 पैनल डॉट आईडी खरीदी थी। सट्टा बुकिंग के लिए गुजरात से ट्रेंड आठ बुकी 25-25 हजार रुपये महीने की पगार पर रखे हुए थे। इसके अलावा पैसों के लेनदेन के लिए म्यूल खातों की खरीद फरोख्त करने वाले दलालों की टीम भी काम कर रही थी। इन खातों में रोज 5 से 7 लाख रुपये का लेनदेन होता था। सटोरियों ने बताया कि वे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन दांव के अलावा अपनी क्रिकेट टीम बनाकर खेलने समेत तीन तरह से दांव लगवाते थे। इसमें शुरू के तीन दांव पैसा लगाने वाले को जिताए जाते थे। उसके बाद गेम पलट दिया जाता था। गंवाया हुआ पैसा निकालने की कोशिश में लोग अपनी जमा पूंजी फूंक देते थे। सरगना को हर दांव पर 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
मौके से पुलिस को 42 एटीएम कार्ड, 3 लैपटॉप, 23 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अलावा कई शहरों में बैंक खातों का ब्यौरा मिला है। सरगनाओं के वॉट्सऐप पर दुबई और श्रीलंका में बातचीत के सबूत भी मिले हैं। पुलिस अब म्यूल खाता धारकों और दुबई, श्रीलंका में बैठे मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।
सरगना पवन यादव और देवेन्द्र यादव के अलावा मिथुन उम्र 23 साल निवासी विकास भलुआपुरा, बिहार, पुनीत उम्र 26 साल निवासी अहेला आगरा, चंदन उम्र 22 साल निवासी सुइया बिहार, संतोष उम्र 22 साल निवासी उमरपुर, आजमगढ़, रिशु उम्र 25 साल निवासी पटना बिहार, गोलू उम्र 24 साल निवासी तारागनगर, बिहार, सागर कुमार उम्र 20 साल निवासी नेऊरी, बिहार और विकास उम्र 28 साल निवासी दानापुर, बिहार को गिरफ्तार किया है।

