ग्वालियर। ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र में लगुन फलदान समारोह के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई है। यह घटना दुहिया गांव की है जहाँ आरोपी अजीत राणा ने देसी कट्टे से फायर कर युवक को घायल कर दिया। युवक को गोली सीने में जाकर लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया , घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल धीरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानें मामला
दरअसल घटना देर रात बिजौली थाना क्षेत्र के दुहिया गांव की है। धीरेंद्र सिंह राणा, निवासी भगवती कॉलोनी मुरार, पत्नी सपना और बच्चों के साथ रिश्ते के साले आशू राणा के लगुन फलदान कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम सत्येंद्र राणा के घर के सामने खेत में लगे पंडाल में चल रहा था।इसी दौरान दुहिया गांव का अजीत राणा कार्यक्रम में आया। अजीत ने कमर से देसी कट्टा निकालकर दो हवाई फायर किए। धीरेंद्र ने उसे टोकते हुए कहा कि यहां कार्यक्रम चल रहा है, किसी को गोली लग सकती है, फायरिंग मत करो। इसी बात पर अजीत भड़क गया।
पुलिस के अनुसार
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार अजीत ने धीरेंद्र से कहा “तेरी हिम्मत कैसे हुई मुझे रोकने की” और जान से मारने की नीयत से देसी कट्टे से फायर कर दिया। गोली धीरेंद्र के सीने में दाहिनी तरफ लगी और खून बहने लगा। परिजनों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह मौके से भाग निकला घायल को पहले मुरार अस्पताल ले जाया गया, फिर गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। जिसके बाद 21 जून को इलाजरत धीरेंद्र ने पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस ने आरोपी अजीत राणा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है। गांव में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगुन जैसे शुभ कार्यक्रम में फायरिंग की इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।
