ग्वालियर | ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र के पीएमटी चौराहे पर आज बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने दिनदहाड़े सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। वही पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानें मामला
दरअसल घायल की पहचान थाटीपुर थाना क्षेत्र के दुल्लपुर निवासी रामवीर गुर्जर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामवीर पीएमटी चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी आधा दर्जन से अधिक बदमाश बाइक से वहां पहुंचे। आरोपियों ने आते ही रामवीर के साथ लाठी डंडो से मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद गोलियां भी चलाईं। फायरिंग में रामवीर के शरीर पर छर्रे लगे हैं। जबकि मारपीट के दौरान उसके सिर में गंभीर चोटे आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। सिर में गंभीर चोट और शरीर में छर्रे लगने से उसकी स्थिति नाजुक है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रामवीर गुर्जर का अपने पड़ोसी पिंटू उर्फ उदय गुर्जर से प्लाट को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब दो सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच इसी विवाद को लेकर कहासुनी और झगड़ा हुआ था। उसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस का एक्शन
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले तो उसमें बदमाश लाठी डंडों से हमला कर भागते हुए कैद हुए हैं। घायल के बयान और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने घायल की बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।