रक्षक बना भक्षक : सिपाही ने पत्नी को प्रेस से जलाया

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

रक्षक बना भक्षक : सिपाही ने पत्नी को प्रेस से जलाया

ग्वालियर | ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाली खबर है। 13 बटालियन SAF में पदस्थ आरक्षक ने अपनी ही पत्नी को बेरहमी से जलाया है। माधौगंज थाना क्षेत्र के गुढ़ा स्थित सरकारी क्वार्टर में आरक्षक ने चरित्र पर शक के चलते पत्नी से विवाद किया। मोबाइल पर बात करने को लेकर शुरू हुए झगड़े में पति ने पत्नी को लात-घूंसों से पीटा और फिर कपड़ों की गर्म प्रेस से हाथ, पीठ जला दी। परिजन घायल पूजा को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और पति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

दअरसल 30 साल की पीड़िता पूजा परिहार ने बताया कि उसका पति राजेंद्र परिहार कंपू स्थित 13 बटालियन के SAF में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। 1 जून 2026 की रात करीब 11.30 बजे वह रोज की तरह घर के नीचे पार्क में टहलने गई थी। देर रात 12.10 बजे पति का फोन आया कि घर आ जाओ। घर पहुंचते ही पति ने पूछा कि फोन पर किससे बात कर रही थी। पूजा के मना करने पर राजेंद्र गालियां देने लगा। विरोध करने पर उसने लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। बाल पकड़कर माथा दीवार में दे मारा। मारपीट से पूजा की बाईं आंख के पास सूजन आ गई। नाक, मुंह, पैर, माथे और पेट में अंदरूनी चोटें आ गई। आरोप है कि इसके बाद राजेंद्र ने टेबल पर रखी गर्म प्रेस उठाकर पूजा के दोनों हाथ और पीठ पर लगा दी। इससे बाएं हाथ की कोहनी, बाजू, दाहिने हाथ की कलाई और पीठ झुलस गई। राजेंद्र ने धमकी दी कि थाने गई तो जान से खत्म कर दूंगा। सुबह पति के ड्यूटी पर जाने के बाद पूजा मायके बिजौली चली गई और इलाज कराने के बाद मां मीरा परिहार और भाई नीरज के साथ थाने पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। 

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति राजेंद्र परिहार के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और दहेज प्रताड़ना की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।रक्षक ही जब भक्षक बन जाए तो इंसाफ की उम्मीद किससे करें। पुलिस विभाग में पदस्थ सिपाही पर पत्नी से हैवानियत के आरोपों ने महकमे को भी शर्मसार कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई कर आरोपी आरक्षक पति को गिरफ्तार कर लिया है।