ग्वालियर में एक करोड़ से ज्यादा का घोटाला हुआ उजागर

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में एक करोड़ से ज्यादा का घोटाला हुआ उजागर

ग्वालियर में खाद्य वितरण की राशि में करोड़ों रुपये का घोटाला कर शासकीय धन का गबन करने वाले तीन समिति प्रबंधकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। जिनमें पिछोर थाने में पुट्टी और अजयगढ़ समिति के प्रबंधकों पर मामला दर्ज हुआ है। जबकि गिजौर्रा थाने में किटोरा समिति के प्रबंधक पर FIR दर्ज कराई गई है। 

दअरसल जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित शाखा पिछोर, मध्य प्रदेश शासन के अधीन एक शासकीय निकाय है। यह ग्रामीण अंचल की विभिन्न सहकारी समितियों को खाद वितरण के लिए शासन द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप ऋण वितरण का कार्य करती है इसी योजना का लाभ उठाकर सहकारी समिति पुट्टी के तत्कालीन सहायक समिति प्रबंधक पंकज भार्गव द्वारा 50 लाख 37 हजार 686 रुपये के शासकीय धन के गबन और धोखाधड़ी का मामला सामने आया था।

जांच के बाद यह मामला सही पाया गया। वहीं अजयगढ़ समिति के सहायक समिति प्रबंधक नंदकिशोर शर्मा द्वारा भी 26 लाख 67 हजार 850 रुपये का गबन किया गया। किटोरा समिति के तत्कालीन सहायक समिति प्रबंधक नाथूराम स्वामी द्वारा 53 लाख 11 हजार 681 रुपये का गबन किया गया। शासकीय धन के भुगतान के संबंध में गठित जांच दल ने इन सभी को दोषी पाया। 

इस मामले में ग्वालियर से शाखा प्रबंधक भूपेंद्र भदौरिया द्वारा लगातार नोटिस जारी करने के बावजूद किसी भी दोषी द्वारा कोई भुगतान नहीं किया गया और शासकीय राशि का उपयोग जारी रहा। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने पिछोर और गिजौर्रा थाने में शिकायती आवेदन दिया।

इस मामले में दोनों ही थानों में तीन सहायक समिति प्रबंधकों के खिलाफ लगभग एक करोड़ 30 लाख रुपये के गबन का अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों ही थानों में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद इस मामले को लेकर पुलिस जांच कर कार्रवाई में जुट गई है।