भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारतीय उत्पादों का अनूठा संगम होगा: ज्योतिरादित्य सिंधिया

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में होगा आयोजन, करीब 35 देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल; कैट मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को दिया आमंत्रण

नई दिल्ली। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) द्वारा 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाला भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारतीय उत्पादों, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इसे भारतीय उत्पादों का अनूठा संगम बताते हुए कहा कि यह आयोजन देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

कैट मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाने के लिए कैट ने देशभर के व्यापारियों और उत्पादकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है।

भारत मंडपम में चार दिन सजेगा भारतीय उत्पादों का बाजार

भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन चार दिनों तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जाएगा। इस दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी, उद्यमी और उत्पादक अपने उत्पादों और व्यावसायिक क्षमताओं को प्रदर्शित करेंगे।

आयोजन में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी देखने को मिलेगी। महोत्सव में करीब 35 देशों के प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना है। इससे भारतीय कारोबारियों और उत्पादकों को अपने उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने और नए व्यावसायिक अवसर तलाशने का मंच मिलेगा।

बिजनेस सत्र में शामिल होंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के दौरान कहा कि वे भारतीय व्यापार महोत्सव के बिजनेस सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वे देश के उद्यमियों और उत्पादकों से सीधा संवाद भी करेंगे।

सिंधिया ने आयोजन को व्यापार और उद्योग क्षेत्र के लिए एक अभिनव प्रयोग बताते हुए इसमें अपनी भागीदारी की बात कही।

कैट मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने दिया आमंत्रण

कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन के नेतृत्व में 15 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित संचार भवन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की और उन्हें भारतीय व्यापार महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल में भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, छतरपुर, बैतूल, गुना, अशोकनगर और शिवपुरी सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

संचार विभाग का स्टॉल बनाने का प्रयास

कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव में भारतीय संचार विभाग का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने, इसके लिए प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर कैट के संयुक्त अध्यक्ष गोविन्द असाटी, प्रदेश मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, महामंत्री योगी खण्डेलवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन जैन, राजेश अग्रवाल उज्जैन, उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल गुना, अशोकनगर अध्यक्ष भारत भूषण अग्रवाल, सागर जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन माल्थोन, ग्वालियर जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी हिमांशु छापरिया, सोशल मीडिया प्रभारी रोनक जैन और राजेन्द्र राठौर सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के जरिए घरेलू उत्पादों को प्रोत्साहन देने के साथ भारतीय व्यापारियों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों से जुड़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

Related Post