ग्वालियर | ग्वालियर सिरोल थाना क्षेत्र में दोस्त की पत्नी को लेकर भागे युवक के छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर शव मुरार नदी में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्वास्तिक बैंकट के पीछे मुरार नदी में 21 साल के दिनेश इंदौरिया का शव तैरता मिला। आरोप है कि महिला के पति सूरज जाटव और उसके देवर गौरव ने दिनेश को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, फिर हत्या कर शव नदी में फेंक दिया। घटना के बाद से दोनों आरोपी परिवार सहित फरार हैं। पुलिस ने शव बरामद कर हत्या का मामला दर्ज कर दो संदिग्ध लोगो को हिरासत में लिया है।
जानें पूरा मामला
दअरसल सिरोल थाना पुलिस को सूचना मिली कि स्वास्तिक बैंकट के पीछे मुरार नदी में एक युवक का शव तैर रहा है मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया मृतक की पहचान नारायण विहार कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय दिनेश इंदौरिया के रूप में हुई। घटना स्थल के पास खून से सने लाठी-डंडे भी पड़े मिले। सूरज जाटव की पत्नी मृतक दिनेश के बड़े भाई विकास के साथ चली गई थी। इसी रंजिश में सूरज और उसका देवर गौरव दिनेश से नाराज थे। आरोप है कि आरोपियों ने दिनेश को बात करने के बहाने से बुलाकर अगवा कर बंधक बना लिया और उसके बड़े भाई विकास इंदौरिया को अहमदाबाद में फोन लगाया। फोन पर सूरज ने पत्नी से बात कराने की मांग की। विकास ने बताया कि महिला उसके साथ नहीं है। इस पर आरोपी भड़क गए और फोन काटते हुए कहा “अब अपने भाई की लाश उठाना” कुछ ही देर बाद दिनेश का शव नदी में मिल गया।
परिजनों ने बताया कि सूरज और विकास दोनो दोस्त थे। लेकिन विकास सूरज की पत्नी को लेकर भाग गाया। जिस पर सूरज और उसका भाई रंजिश रखे हुए थे। इसी रंजिश पर दिनेश की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। आरोपियों के मेहरा कॉलोनी स्थित घर और मुरैना जिले के रिठौरा गांव में दबिश दी गई। लेकिन सूरज, गौरव और पूरा परिवार फरार मिला।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल से मिले लाठी-डंडे और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। दो संदिग्ध लोगों को राउंडअप किया है। परिजनों के बयान और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी फरार आरोपियों पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
