ग्वालियर पुलिस की बड़ी सफता: 8 लाख का माल और लाइसेंसी रिवॉल्वर की बरामद

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर पुलिस की बड़ी सफता: 8 लाख का माल और लाइसेंसी रिवॉल्वर की बरामद

ग्वालियर | ग्वालियर की महाराजपुरा पुलिस को ढाई साल पुराने चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। आदित्यपुरम में 2023 में रिटायर्ड फौजी के सूने मकान से हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 8 लाख के जेवरात और चोरी की लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर ली गई है। चोरी की रिवॉल्वर को भिंड जिले के कुख्यात बदमाश को बेच दिया गया था।

दअरसल मामला आदित्यपुरम के वैष्णवीधाम फेस-2 का है। यहां रहने वाले रिटायर्ड फौजी बृजेश कुमार सिंह के सूने मकान में तीन साल पहले चोरी हुई थी। 28-29 अक्टूबर 2023 की रात फरियादी पत्नी के साथ भिंड गए थे। इसी दौरान बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के गहने, 50 हजार नगद, 32 इंच की LED TV और लाइसेंसी रिवॉल्वर चुरा ले गए। जिसे।लेकर पुलिस लंबित मामलों के खुलासे में जुटी थी। हाल ही में हजीरा पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले में राजकुमार जाटव निवासी भिंड को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने आदित्यपुरम की वारदात कबूल की। इस पर महाराजपुरा पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया। राजकुमार ने बताया कि चोरी उसने गैंग लीडर प्रदीप राठौर के साथ मिलकर की थी। माल बंटवारे में लाइसेंसी रिवॉल्वर प्रदीप ने अपने पास रख ली थी। जांच में सामने आया कि प्रदीप राठौर ने चोरी की रिवॉल्वर भिंड के कुख्यात रेत माफिया भीमा यादव के भाई देवेन्द्र उर्फ फौजी यादव को बेच दी थी। देवेन्द्र का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पुलिस टीम पर हमला कर हथियार लूटने वाली गैंग का सक्रिय सदस्य रहा है। 

पुलिस ने जेल में बंद गैंग लीडर प्रदीप राठौर को प्रोडक्शन वारंट पर रिमांड पर लिया। सख्ती से पूछताछ में प्रदीप ने रिवॉल्वर देवेन्द्र को बेचना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दबिश देकर देवेन्द्र उर्फ फौजी यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिटायर्ड फौजी की चोरी हुई लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हो गई। इसके अलावा प्रदीप की निशानदेही पर सोने की बृजबाला, जंजीर, अंगूठी, लॉकेट, चांदी की करधनी और पायल भी जब्त की गई। राजकुमार से LED TV बरामद हुई। कुल 8 लाख का माल जब्त हुआ है। चोरी की लाइसेंसी रिवाल्वर का कुख्यात गैंग तक पहुंचना पुलिस के लिए चिंता का विषय था। फिलहाल पुलिस पता लगा रही है कि इस हथियार का इस्तेमाल किसी वारदात में तो नहीं हुआ। गैंग से जुड़ी अन्य कड़ियों और फरार बदमाशों की तलाश जारी है।