ग्वालियर | ग्वालियर के बदनापुरा बस्ती में देह कारोबारियों ने फिर सिर उठाया है। मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजगढ़ से अगवा नाबालिग लड़की को पुलिस ने बदनापुरा के बंद मकान से बरामद किया है। दोस्त बनकर आरोपी ने उसे 2.50 लाख में बेच दिया था। पुलिस ने छह आरोपियों पर केस दर्ज किया है। मास्टरमाइंड की पहचान हो गई है।
दअरसल देह कारोबार और मानव तस्करी के लिए बदनाम रही पुरानी छावनी थाना क्षेत्र की बदनापुरा बस्ती में फिर युवतियों की खरीद-फरोख्त का धंधा चल रहा है। राजगढ़ पुलिस ने ग्वालियर पुलिस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन में 17 साल 8 महीने की नाबालिग लडक़ी को बस्ती से बरामद किया है। लड़की राजगढ़ के कटारिया खेड़ी गांव से लापता हुई थी। जिसकी परिजनों ने राजगढ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
एसपी अमित तोलानी ने अगवा लड़की की तलाश के लिए एसआईटी बनाई थी। तीन दिन से माता-पिता और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। कल उसकी लोकेशन बदनापुरा में मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि बंटी कंजर निवासी कटारिया खेड़ी ने दोस्ती की आड़ में नाबालिग को जबरिया ग्वालियर साथ ले आया और बदनापुरा में 2.50 लाख रुपये में बेच दिया। सौदा कर बंटी फरार हो गया। राजगढ़ पुलिस टीम ने पुरानी छावनी पुलिस के साथ बस्ती के कई घर खंगाले। राजेश कालकोर के सूने मकान में बाहर से ताला लगा था। शक होने पर ताला तोड़ा तो अंदर लड़की भूखी-प्यासी बंद मिली। पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है कि बदनापुरा में देह कारोबार के लिए युवतियों की खरीद-फरोख्त का धंधा बंद नहीं हुआ है। इस मामले में मानव तस्करी के मास्टरमाइंड की पहचान कर ली गई है। आरोपी बंटी कंजर समेत छह आरोपियों पर अपहरण और मानव तस्करी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल राजगढ़ पुलिस नाबालिक को लेकर रवाना हो गई है जहां उसका मेडिकल कराया जाएगा।

