ग्वालियर | ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ उसके पति के दोस्त ने ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। जब इसकी जानकारी विवाहिता के जीजा को लगी तो, जीजा ने भी विवाहिता को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म का शिकार बनाया। पीड़िता ने अपनी सास के साथ जाकर थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया वहीं पति के दोस्त की तलाश की जा रही है।
जानें पूरा मामला
पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली विवाहिता का पति जबलपुर सेंट्रल जेल में बंद है। जबलपुर जेल में ही अंकित रावत नाम का एक आरोपी भी बंद था। जेल में महिला के पति से अंकित की गहरी दोस्ती हो गई थी। जब अंकित जेल से बाहर आया तो उसमें यह भरोसा दिलाया था कि वह उसकी जमानत करा देगा। अक्टूबर 2025 में अंकित जेल से बाहर आ गया और फिर जेल में बंद दोस्त के ग्वालियर स्थित घर पहुंच गया। यहां दोस्त की पत्नी से अंकित ने पति की जमानत कराने के नाम पर 2 लाख रुपए लिए और घर में ही रात रुका। इस दौरान रात में अंकित ने विवाहिता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। इसके बाद अंकित ब्लैकमेल करता रहा और कई बार उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इस घटना की जानकारी एक दिन विवाहिता की जीजा को लग गई। इसके बाद जीजा ने भी अपनी साली को दुष्कर्म का शिकार बनाया और ब्लैकमेल करने लगा। परेशान होकर पीड़िता ने अपनी सास को पूरी जानकारी दी और फिर पुरानी छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुरानी छावनी पुलिस ने केस दर्ज कर विवाहिता की जीजा विवेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।