ग्वालियर | ग्वालियर की पॉश टाउनशिप सनवैली में दबंगई का मामला सामने आया है। फिल्मी अंदाज में कार रुकवाकर सोसायटी के अध्यक्ष के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि सेंट्रल बैंक का मैनेजर बताने वाले युवक ने बंदूक की नोक पर धमकाया और अगवा करने की कोशिश की। पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई। रहवासियों ने सोमवार को SSP कार्यालय पहुंचकर आरोपी पर सख्त कार्रवाई और हथियार जब्त कर लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानें पूरा मामला
दरअसल विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सनवैली टाउनशिप के अध्यक्ष पवन बंसल ने बताया कि टाउनशिप में रहने वाला गौरव सिंह सिकरवार खुद को सेंट्रल बैंक का मैनेजर बताता है। आरोप है कि 7 मई को जब पवन बंसल अपने घर सामान लेकर जा रहे थे। तभी गौरव सिंह ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोक लिया। उसने बंदूक की नोक पर उन्हें धमकाया, कार में बैठाकर अगवा करने का प्रयास किया और मारपीट की। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए। इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सामने आया है। जिसमें आरोपी की हरकतें कैद हुई हैं।
पवन बंसल का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। आए दिन गौरव सिंह रहवासियों से गाली-गलौज करता है। जान से मारने की धमकी देता है और हथियार दिखाकर डराने की कोशिश करता है। जिसे लेकर आज सोमवार को सनवैली के रहवासी और सोसायटी पदाधिकारी SSP कार्यालय पहुंचे। उन्होंने युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सोसायटी के लोगों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोपी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई करने, उसकी बंदूक जब्त करने और हथियार लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और रहवासियों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई और आरोपी के हथियार लाइसेंस की भी जांच की जा रही है।