ग्वालियर में 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ हुई ठगी, CCTV में कैद वारदात

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ हुई ठगी, CCTV में कैद वारदात

ग्वालियर | ग्वालियर में बुजुर्ग महिला के साथ ठगी का मामला सामने आया है एक अज्ञात ठग ने 60 साल की बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर उसकी सोने की बालियां और सोने की मोती वाली माला ठग ली। आरोपी की यह हरकत CCTV में कैद हो गई है जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पूरा मामला जानें 

दरअसल कोतवाली थाना क्षेत्र के बाला बाई का बाजार में रहने वाली 60 साल की बुजुर्ग महिला गंगा देवी अग्रवाल ने अपने बेटे बालकिशन अग्रवाल के साथ थाने पहुंचकर शिकायत कर बताया कि। वह 22 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1 बजे दौलतगंज में पापड़ खरीदने आई हुई थीं। रोड पार करते समय एक लड़का आया और बोला “मैं तुम्हें रोड पार करा देता हूँ।” उसने रोड पार करा दी। कुछ देर बाद गंगा देवी भगवानदास की दुकान से लौट रही थीं तो वही लड़का फिर मिला। उसने रोककर बातें शुरू कर दीं। बोला, “आंटी तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं लग रही, मैं तुम्हें डॉक्टर के पास ले चलता हूँ।” गंगा देवी उसकी बातों में आ गईं और उसके साथ ई-रिक्शा में बैठ गईं और अज्ञात आरोपी के साथ बुजुर्ग महिला चली गई।

आरोपी ने बातों में उलझाकर ई-रिक्शा से उतारा और कार्मल कॉन्वेंट स्कूल की तरफ ले गया। रास्ते में उसने बहला-फुसलाकर गंगा देवी के कान की सोने की दो पुरानी बालियां और गले में पहनी 16 सोने के मोती वाली माला उतरवा ली। जेवर अपने पास रखकर आरोपी ने गंगा देवी को स्कूल की सीढ़ियों पर बिठा दिया और बोला, “मैं अभी वापस आ रहा हूँ।” इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। काफी देर इंतजार के बाद गंगा देवी ऑटो से घर पहुंचीं और बेटे को पूरी घटना बताई। 

बुजुर्ग महिला की शिकायत के बाद पुलिस एक्टिव हुई और जिस रूट पर आरोपी बुजुर्ग महिला को मिला उस रूट के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जिसमें आरोपी महिला से बातचीत करते कैद हो गया। CCTV के आधार पर चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी का हुलिया बुजुर्ग महिला से लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ठग के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Also Read

Top Stories
Related Post