ग्वालियर में युवक द्वारा कुत्ते को बचाना पड़ा भारी, चली लाठियां

ग्वालियर में युवक द्वारा कुत्ते को बचाना पड़ा भारी, चली लाठियां

ग्वालियर | ग्वालियर के डबरा में अंबेडकर कॉलोनी में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीट दिया गया क्योंकि वह बदमाशों से पालतू कुत्ते को बचाने की कोशिश कर रहा था। हमलावरों ने कुत्ते को छोड़कर युवक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। सिर फटने से युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वही डबरा सिटी पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों पर मामला दर्ज किया है।


जानें पूरा मामला 

दरअसल डबरा सिटी थाना क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी निवासी मनीष जाटव एक टेंट की दुकान पर काम करता है। तभी उसने देखा कि कुछ लोग एक पालतू कुत्ते को लाठियों से पीट रहे हैं। मनीष ने आगे बढ़कर उन्हें रोकने का प्रयास किया और बेजुबान जानवर पर दया करने की बात कही। इससे हमलावर भड़क गए हमलावरों ने तुरंत कुत्ते को छोड़ दिया और मनीष को घेर लिया। इसके बाद उस पर लाठियां बरसाना शुरू कर दीं। हमले में मनीष के सिर में गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के राहगीर मदद के लिए दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। 

स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनीष को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। घायल मनीष ने दौलत जाटव सहित आधा दर्जन लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। 

Also Read

Top Stories
Related Post