ग्वालियर | ग्वालियर में पड़ोसियों के बीच पुराने झगड़े ने खूनी रूप ले लिया। मोतीझील पर सरेआम गोलियां चलने से हाइवे पर अफरा तफरी मच गई। लोग जान बचाकर दुकानों और गलियों में घुस गए। बदमाश द्वारा गोली चलाने का वीडियो भी सामने आया है। फायरिंग करने वाला युवक तमंचा लहराता हुआ मौके से भाग निकला। वही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पूरा मामला जानें
दरअसल पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मोतीझील निवासी राजपाल यादव पेशे से ट्रक चालक है। उसका पड़ोसी जमील खान किराना और जनरल स्टोर चलाता है। दो दिन पहले राजपाल शराब के नशे में जमील की दुकान पर पहुंचा था। बातों ही बातों में दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि जमील और उसके परिजन जुम्मन व साहिल खान ने राजपाल को पीट दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर झगड़ा शांत कराया। इसके बाद जमील और उसके परिजनों ने राजपाल से माफी भी मांग ली। लेकिन राजपाल के मन में रंजिश बनी रही। जब इस घटना का पता राजपाल के बेटे मनीष को चला तो वह जमील के घर तमंचा लेकर मोतीझील पहुंचा और जमील की दुकान के सामने हवाई फायर कर दिए।
दिनदहाड़े गोलियां चलने से हाइवे पर भगदड़ मच गई। राहगीर और दुकानदार जान बचाने के लिए इधर उधर छुप गए। आरोपी तमंचा लहराते हुए गलियों में गायब हो गया। लेकिन वह मौजूद किसी जागरूक व्यक्ति ने उसका फायरिंग करते वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया।
पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए हैं। राजपाल और उसके बेटे मनीष के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।