स्वर्गीय श्री शीतला सहाय जी की 96वीं जयंती के अवसर पर आज कैंसर हॉस्पिटल परिसर स्थित समाधि स्थल पर पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधियों तथा उनके सहयोगियों ने उपस्थित होकर पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने स्वर्गीय शीतला सहाय जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें एक सच्चा कर्मयोगी, दूरदर्शी नेता एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। वक्ताओं ने कहा कि छात्र जीवन से लेकर वकालत और मंत्री पद तक की उनकी यात्रा प्रेरणादायक रही तथा स्वास्थ्य मंत्री, गृह मंत्री एवं सिचाई मंत्री के रूप में उन्होंने जनकल्याण के अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए।
कार्यक्रम के दौरान कई वक्ताओं ने उनके साथ जुड़े अपने व्यक्तिगत संस्मरण साझा किए, जिससे उनके सरल, संवेदनशील एवं सेवा-भाव से परिपूर्ण व्यक्तित्व की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विवेक नारायण शेजवलकर (पूर्व सांसद), समीक्षा गुप्ता (पूर्व महापौर), साहिब सिंह गुर्जर (विधायक), रमेश अग्रवाल (पूर्व विधायक), भगवान सिंह यादवजी (पूर्व विधायक), मुन्नालाल गोयल (पूर्व विधायक), जयप्रकाश राजोरिया (भाजपा जिलाध्यक्ष), अभय चौधरी, अशोक शर्मा, कमल माखीजानी, वेद प्रकाश शर्मा, लालजी जादौन, वीरेंद्र गंगवाल (ट्रस्टी ), शिव कुमार श्रीवास्तव (ट्रस्टी ), यशवंत इंद्रापुरकर, पी. एस. बिसेन, डी. एस. चंदेल, केशव पांडे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संस्थान की ओर से डॉ. बी.आर. श्रीवास्तव, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, डॉ. अचला सहाय, डॉ. गुंजन श्रीवास्तव एवं जन विकास न्यास परिवार के सभी सदस्य कार्यक्रम में शामिल रहे ।
अपने पुत्र की असमय मृत्यु से उत्पन्न संवेदनाओं को समाजसेवा में परिवर्तित करते हुए उन्होंने कैंसर अस्पताल की स्थापना की, जिससे आज हजारों मरीजों को जीवनदान मिल रहा है। यह संस्थान ग्वालियर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश एवं देश के मरीजों के लिए आशा का केंद्र बन चुका है। इस अवसर पर भजन गायक मनीष सक्सेना ने अत्यंत सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी, जिन्हें सभी उपस्थितजनों ने बहुत सराहा।
कार्यक्रम के पश्चात सभी उपस्थितजनों ने कटोराताल के पास शीतला सहाय चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पुष्पांजलि दी। अंत में सभी उपस्थितजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया एवं समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया।