ग्वालियर खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। दअरसल सिरोल हाइवे पर लगाए गए विशेष चेकिंग पॉइंट पर खनिज विभाग की टीम ने गिट्टी से भरे 6 डंपरों को पकड़कर जब्त किया। जांच के दौरान सभी डंपर चालकों के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इस पूरे मामले मे मध्यप्रदेश गौण खनिज के अवैध परिवहन, उत्खनन और भंडारण नियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी डंपरों को जब्त कर लिया गया।
खनिज अधिकारी ने क्या कहा ?
खनिज अधिकारी घनश्याम यादव ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर रात के समय विशेष सतर्कता बरती जा रही है। चेकिंग के दौरान बिना रॉयल्टी या परमिट के गिट्टी परिवहन करते पाए गए डंपरों को जब्त कर सिरोल थाने की अभिरक्षा में रखा गया है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अब तक अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 345 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। जिनसे 6 करोड़ रुपए से अधिक की जुर्माना राशि वसूल की जा चुकी है। कलेक्टर के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम लगातार छापेमारी और निगरानी कर रही है ताकि खनन माफिया पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके।