बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान इन दिनों अपने जन्मदिन (2 नवंबर) से पहले फैंस के लिए एक खास तोहफा लेकर आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक सरप्राइज ‘आस्क मी एनीथिंग’ (Ask Me Anything) सेशन रखा, जिसमें उन्होंने अपने बर्थडे सेलिब्रेशन, फिल्मों और फैमिली से जुड़े कई मजेदार खुलासे किए। शाहरुख खान ने इस दौरान फैंस को बताया कि उनके जन्मदिन पर उनकी कई सुपरहिट फिल्में दोबारा रिलीज की जाएंगी। इस बीच, एक फैन ने उनसे एक दिलचस्प सवाल पूछ लिया — “क्या हम आपको आपके बेटे आर्यन खान के निर्देशन में एक पूरी फिल्म में देख सकते हैं?”
इस सवाल पर शाहरुख ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा — “अगर वह (आर्यन) मुझे और मेरे नखरे बर्दाश्त कर सके, तो ऐसा हो सकता है।” किंग खान के इस जवाब ने फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह अपने बच्चों के साथ काम को लेकर बेहद प्रोफेशनल हैं और सेट पर उन्हें दूसरे कलाकारों की तरह ही सम्मान देते हैं।
आर्यन खान के निर्देशन की तारीफ
सेशन के दौरान एक अन्य फैन ने शाहरुख से अनुरोध किया कि वह आर्यन से ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ (The Bad’s of Bollywood) का दूसरा भाग बनाने को कहें। इस पर शाहरुख ने मजाकिया लेकिन पिता जैसे गर्व से भरे लहजे में कहा — “अपने बच्चों को यह बताना बहुत मुश्किल होता है कि उन्हें क्या करना है। लेकिन मुझे यकीन है कि वह इस पर काम कर रहे होंगे।”
शाहरुख ने आगे कहा कि उन्हें अपने बच्चों पर बहुत गर्व है। उन्होंने बताया कि वह चाहते हैं कि उनके बेटे और बेटी दोनों अपने दम पर कामयाबी हासिल करें और उनकी मेहनत का फल उन्हें खुद मिले।
दीपिका पादुकोण संग फिर दिखेंगे किंग खान
‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन के दौरान एक फैन ने यह भी कहा कि वह शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण को फिर से बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
इस पर शाहरुख ने लिखा —“मैं भी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।” इस जवाब से साफ है कि शाहरुख और दीपिका की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के बीच रोमांच जगाने वाली है।
आर्यन खान की ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ ने मचाई धूम
बता दें कि आर्यन खान ने बतौर निर्देशक अपनी पहली वेब सीरीज ‘The Bad’s of Bollywood’ के जरिए डिजिटल डेब्यू किया। यह सीरीज 18 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी और रिलीज के साथ ही इंटरनेट पर छा गई। इस सीरीज में बॉबी देओल, लक्ष्य, सहर बांबा, मोना सिंह, मनीष चौधरी, राघव जुयाल, और गौतमी कपूर जैसे कलाकारों ने दमदार अभिनय किया है। वहीं, सलमान खान, करण जौहर और रणवीर सिंह के कैमियो रोल ने शो में चार चांद लगा दिए।
‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ को दर्शकों के साथ-साथ इंडस्ट्री के दिग्गजों ने भी खूब सराहा। अब फैंस बेसब्री से इसके दूसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं — और ऐसा लगता है कि खुद शाहरुख खान भी इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि वे भी उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब वह अपने बेटे के निर्देशन में कैमरे के सामने नजर आएंगे।