डबरा | डबरा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सैलून में बाल कटवाने गए 17 साल के युवक को आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश दुकान से खींचकर ले गए। पहले दुकान में, फिर सड़क पर बेरहमी से पीटा। इसके बाद अपहरण कर सुनसान इलाके में ले जाकर बंदूक की बटों से मारा। पूरी वारदात सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो में कैद हुई है। पुलिस ने अपहरण और मारपीट का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल यह वारदात डबरा सिटी थाना क्षेत्र की है। शिक्षक कॉलोनी पूरन टॉकीज के पास स्थित सैलून में 17 वर्षीय गुरमत सिंह सिक्ख बाल कटवाने पहुंचा था। तभी लाठी-डंडों से लैस आधा दर्जन से अधिक युवक दुकान में घुस आए। आरोपियों ने पहले दुकान के अंदर गुरमत से मारपीट की, फिर उसे घसीटकर बाहर ले गए और सड़क पर लात-घूसों और डंडों से पीटने लगे। बदमाश यहीं नहीं रुके। वह गुरमत को जबरन गाड़ी में बैठाकर सुनसान इलाके में ले गए। वहां बंदूक की बट से उसे बुरी तरह पीटा। जान से मारने की धमकी देकर हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। घायल गुरमत ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। परिजन हाईवे पहुंचे और उसे लेकर थाने आए। गुरमत सिंह ने पुलिस को बताया कि 7 महीने पहले कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ था। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अपहरण कर मारपीट की।
पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा। पूरी वारदात सैलून में लगे सीसीटीवी कैमरे और राहगीरों के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे बदमाश बेखौफ होकर युवक को पीट रहे हैं और घसीटकर ले जा रहे हैं। इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शिकायत पर हर्ष रावत, कपिल रावत, उमेश रावत, ध्रुव रावत, आर्यन रावत सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस टीमें आरोपियों के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

