ग्वालियर | ग्वालियर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति को अपनी ही पत्नी से जान का खतरा सता रहा है। पीड़ित पति का आरोप है कि पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को घर में साथ रखना चाहती है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देती है। सोने चांदी के जेवर, नगदी और चारों बच्चों को लेकर पत्नी घर से गायब हो गई। पीड़ित पति ने एसपी ऑफिस पहुंचकर पत्नी को खोजने और जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जानें पूरा मामला
दरअसल मामला सिकंदर कम्पू इलाके का है। यहां रहने वाला राजकुमार कुशवाह एसपी ऑफिस में पहुंचा। राजकुमार ने बताया कि साल 2008 में पूनम कुशवाह से उसकी हिंदू रीति रिवाज से अरेंज मैरिज हुई थी। शादी के बाद तीन बेटी और एक बेटे का जन्म हुआ। सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन अब पत्नी किसी दूसरे लड़के के चक्कर में घर बर्बाद कर रही है। राजकुमार का आरोप है कि 22 जनवरी 2026 को पूनम बिना बताए घर से चली गई। दो महीने बाद मार्च 2026 में जब वह लौटी तो उसने बताया कि वह आशु उर्फ कमल सेन के साथ गई थी और उसी के साथ रहना चाहती है। पूनम ने शर्त रखी कि अगर साथ रहना है तो बॉयफ्रेंड आशु भी इसी घर में रहेगा। यानी एक ही छत के नीचे तीनों साथ रहेंगे। राजकुमार को यह शर्त मंजूर नहीं थी। पीड़ित पति ने बताया कि 5 मई 2026 की सुबह पूनम फिर बिना बताए चली गई। दोपहर में लौटी तो धमकाने लगी कि झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाकर जीवन बर्बाद कर देगी। आरोप है कि गुस्से में पूनम ने उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद वह घर में रखे सोने चांदी के जेवरात, नगदी और तीनों बेटियों व बेटे को लेकर चली गई। जाते जाते धमकी दी कि उसकी हत्या जरूर करवाएगी। राजकुमार का कहना है कि पत्नी के जाने के बाद से वह दहशत में है। चारों बच्चों का भी कुछ पता नहीं है।
पुलिस का एक्शन
पुलिस से गुहार लगाई है कि पत्नी को खोजा जाए और घर से ले जाए गए जेवर नगदी के साथ उसकी जान की सुरक्षा की जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पता लगा रही है कि पत्नी बच्चों सहित घर छोड़कर क्यों गई और पति के आरोपों में कितनी सच्चाई है। रिश्तों में आई दरार अब जान पर बन आई है। पुलिस जांच के बाद ही साफ होगा कि हकीकत क्या है। फिलहाल पीड़ित पति पुलिस से सुरक्षा की उम्मीद लगाए बैठा है।

