मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार 15 फरवरी को देश भर के साथ महाशिवरात्रि पर्व पूरी आस्था के साथ मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर महादेव मंदिर पर हजारों की संख्या में भक्त आते हैं। भक्तों को भगवान के दर्शन सुचारू रूप से हो सकें, इसके लिए 14 फरवरी की रात से ही पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मंदिर परिसर में तैनात रहेंगे।
प्रशासन का आदेश
प्रशासन एवं अचलेश्वर मंदिर समिति की बैठक में तय किया गया कि मंदिर प्रबंध समिति के द्वारा 90 वालेंटियर लगाए जाएंगे। यह सभी मंदिर में व्यवस्थाएं संभालेंगे। इसके साथ ही इस बार मंदिर के आसपास डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। महादेव के दर्शन के लिए भक्त कतार लगाकर मंदिर में जाएंगे। हालांकि अचलेश्वर मंदिर न्यास से जुड़े मंदिर के आसपास प्रसाद वितरण के लिए पूर्व की तरह व्यवस्था रखने की मांग की है। उन्होंने सीएसपी रोबिन जैन को अपनी मांगों से अवगत भी कराया।
सीएसपी रोबिन जैन का कहना है कि हमारा प्रयास रहेगा की शिवरात्रि महापर्व पर मंदिर आने वाले सभी भक्त सुचारू रूप से भगवान के दर्शन कर पाए और किसी तरह का व्यवधान न हो इसके लिए जो जरूरी कदम है वह उठाए जा रहे हैं।