बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईथा’ की शूटिंग में व्यस्त थीं, जो मशहूर लावणी डांसर और तमाशा कलाकार विठाबाई भाऊ नारायणगांवकर की बायोपिक है। फिल्म की शूटिंग नासिक के पास औंधेवाड़ी में चल रही थी, लेकिन पिछले हफ्ते सेट पर एक हादसा हो गया, जिसके चलते फिल्म की शूटिंग को फिलहाल रोकना पड़ा है।
डांस सीन के दौरान लगी गंभीर चोट
रिपोर्ट के अनुसार, श्रद्धा कपूर लावणी डांस का एक सीक्वेंस शूट कर रही थीं, तभी उनका बैलेंस बिगड़ गया और उन्होंने अचानक अपना पूरा वजन बाएं पैर पर डाल दिया। तेज ताल और फास्ट स्टेप्स वाले इस लावणी गाने के दौरान श्रद्धा के बाएं पैर की एक उंगली में फ्रैक्चर हो गया। दर्द बढ़ने पर सेट पर ही मेडिकल टीम को बुलाया गया और तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।
15 किलो वजन बढ़ाकर निभा रहीं विठाबाई का किरदार
सूत्रों ने बताया कि इस गाने को अजय-अतुल की जोड़ी ने कंपोज किया है। श्रद्धा इस सीन में पारंपरिक नऊवारी साड़ी, भारी गहनों और कमरपट्टा के लुक में नजर आने वाली थीं। दिलचस्प बात यह है कि श्रद्धा ने युवा विठाबाई का रोल निभाने के लिए करीब 15 किलो वजन बढ़ाया है, जिससे डांस करते समय उनके पैर पर अधिक दबाव पड़ गया और हादसा हो गया।
शूटिंग दो चरणों में रोकनी पड़ी
चोट लगने के बाद डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने नासिक शेड्यूल तुरंत कैंसिल कर दिया। हालांकि श्रद्धा नहीं चाहती थीं कि ज्यादा समय बर्बाद हो, इसलिए उन्होंने सुझाव दिया कि बिना मूवमेंट वाले क्लोज-अप और इमोशनल सीन मुंबई में शूट किए जा सकते हैं। इसके बाद टीम ने मुंबई के मड आइलैंड में सेट बनाकर शूटिंग शुरू भी कर दी, लेकिन दो दिन बाद श्रद्धा का दर्द बढ़ गया, जिसके चलते शूट को फिर रोकना पड़ा।
दो हफ्ते बाद दोबारा शुरू होगी शूटिंग
डॉक्टर्स की सलाह पर अब श्रद्धा कपूर को कम से कम दो सप्ताह आराम करना होगा। इसके बाद ही फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू की जाएगी।
स्टार कास्ट और प्रोडक्शन
‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर के अलावा रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर कर रहे हैं, जबकि इसे दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया जा रहा है। श्रद्धा के फैन्स उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं और फिल्म की टीम भी उनके जल्दी वापसी की उम्मीद कर रही है।