60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी मामले में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोमवार को शिल्पा शेट्टी से उनके घर पर करीब साढ़े 4 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान EOW टीम ने उनसे कंपनी के लेन-देन, निवेश और बिजनेस डील से जुड़ी कई अहम जानकारियां मांगीं।
इस केस में शिल्पा के पति राज कुंद्रा का नाम भी शामिल है, जिनसे बीते हफ्ते भी लंबी पूछताछ की जा चुकी है। अब EOW ने शिल्पा और राज समेत कुल 5 लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
EOW की टीम ने घर पर की पूछताछ
आर्थिक अपराध शाखा की टीम सोमवार सुबह शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित घर पहुंची। जांच के दौरान अफसरों ने शिल्पा से कंपनी के फंड ट्रांजैक्शन, निवेश अनुबंध और रकम वापसी से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शिल्पा ने सहयोग करते हुए सभी सवालों के जवाब दिए और कहा कि उन्होंने किसी के साथ धोखाधड़ी नहीं की। EOW अब उस कंपनी की पूरी फाइनेंशियल हिस्ट्री खंगाल रही है, जिससे शिल्पा और राज कुंद्रा जुड़े हुए थे।
राज कुंद्रा का बयान — ‘फीस के रूप में दी गई थी रकम’
राज कुंद्रा से बीते हफ्ते भी पूछताछ की गई थी। उन्होंने EOW को बताया था कि ‘बेस्ट डील टीवी’ कंपनी से दीपक कोठारी द्वारा दी गई रकम को अभिनेत्री बिपाशा बसु, नेहा धूपिया और प्रोड्यूसर एकता कपूर को बतौर प्रोफेशनल फीस दी गई थी।
राज का दावा है कि सभी ट्रांजैक्शन वैध बिजनेस डील के तहत हुए हैं और किसी भी तरह की धोखाधड़ी नहीं की गई।
क्या है पूरा मामला?
अगस्त 2025 में मुंबई के बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ 60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था। शिकायत में कोठारी ने आरोप लगाया कि उनकी मुलाकात 2015 में एजेंट राजेश आर्या के जरिए शिल्पा और कुंद्रा से हुई थी। उस समय दोनों ‘बेस्ट डील टीवी’ कंपनी के डायरेक्टर थे और शिल्पा के पास कंपनी के 87% से अधिक शेयर थे।
कोठारी के अनुसार, शिल्पा और राज ने कंपनी के लिए 75 करोड़ रुपए के लोन की मांग की थी, जिस पर 12% वार्षिक ब्याज तय किया गया था।
लोन को ‘इन्वेस्टमेंट’ दिखाने का खेल
दीपक कोठारी का कहना है कि बाद में शिल्पा और राज ने टैक्स की दिक्कतों का हवाला देकर कहा कि लोन को इन्वेस्टमेंट के रूप में दिखाया जाए और हर महीने रिटर्न दिया जाएगा।
- अप्रैल 2015 में कोठारी ने 31.95 करोड़ रुपए की पहली पेमेंट की।
- जुलाई 2015 से मार्च 2016 के बीच उन्होंने 28.54 करोड़ रुपए और ट्रांसफर किए।
- इस तरह कुल 60.48 करोड़ रुपए दिए गए।
इसके साथ ही उन्होंने 3.19 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी के रूप में भी चुकाए।
शिल्पा की गारंटी और इस्तीफा
कोठारी के अनुसार, अप्रैल 2016 में शिल्पा ने उन्हें पर्सनल गारंटी दी थी, लेकिन सितंबर 2016 में कंपनी से डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कंपनी पर 1.28 करोड़ रुपए का बकाया कर्ज सामने आया, जिसकी जानकारी कोठारी को नहीं दी गई।
उन्होंने कई बार पैसे वापस मांगने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
मामला EOW को सौंपा गया
शुरुआत में यह केस जुहू पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं के तहत दर्ज हुआ था। चूंकि रकम 10 करोड़ से ज्यादा थी, इसलिए जांच को आगे बढ़ाते हुए मामला EOW (Economic Offences Wing) को ट्रांसफर कर दिया गया।
अब EOW यह पता लगाने में जुटी है कि कोठारी द्वारा निवेश की गई रकम वास्तव में कहां और कैसे इस्तेमाल की गई।
जांच जारी, शिल्पा और राज पर निगाहें
EOW के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक — “हमने शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा और अन्य से विस्तृत बयान दर्ज किए हैं। अब हम कंपनी के अकाउंट्स, फाइनेंशियल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच कर रहे हैं। आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर होगी।”