ग्वालियर में कानून व्यवस्था फेल? आधी रात ट्रैफिक चौकी में शराबी का तांडव

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में कानून व्यवस्था फेल? आधी रात ट्रैफिक चौकी में शराबी का तांडव

ग्वालियर शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बढ़ चुके हैं, इसका ताजा उदाहरण गोला का मंदिर चौराहा स्थित अस्थायी ट्रैफिक पुलिस चौकी में देखने को मिला। देर रात एक युवक नशे की हालत में ट्रैफिक पुलिस चौकी में घुस आया और डंडे से जमकर तोड़फोड़ की। चौकी के अंदर रखा लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये का सरकारी ट्रैफिक सामान उसने कुछ ही मिनटों में चकनाचूर कर दिया।

जब ट्रैफिक पुलिस के एएसआई बिलियम तिर्की आधी रात ड्यूटी के बाद चौकी पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए। कुर्सियों से लेकर टेबल, पंखा, ट्यूब लाइट्स और बेटन लाइट्स सारा सामान टूट चुका था।

क्यों थी पुलिस की मौजूदगी कम?

घटना के समय पुलिस VIP ड्यूटी में व्यस्त थी। दरअसल, क्षेत्र में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के भतीजे की शादी होने के चलते बड़ी संख्या में वीआईपी का आना-जाना लगा हुआ था। इस दौरान चौकी लगभग खाली थी और इसी मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी अंदर घुस गया।

CCTV फुटेज ने खोला राज

पुलिस को सूचना मिली, उन्होंने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में साफ दिखा कि देर रात करीब 11 बजे चंदन नगर निवासी मोनू खटीक चौकी में घुसकर डंडे से तोड़फोड़ कर रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तुरंत मोनू खटीक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में होने की बात स्वीकार की और बताया कि उसी गुस्से में उसने चौकी का सामान तोड़ा।

चौकी को पहुंचा भारी नुकसान

तोड़फोड़ में चौकी का जो सामान नष्ट हुआ, उसमें शामिल है 10 कुर्सियां, 2 टेबल, 20 बेटन लाइट्स, 1 पंखा, 4 ट्यूब लाइट्स अन्य आवश्यक ट्रैफिक नियंत्रण उपकरण  कुल मिलाकर चौकी को लगभग 1.10 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

पुलिस का बयान

हरेन्द्र शर्मा, टी.आई. ने कहा “देर रात एक बदमाश ट्रैफिक पुलिस चौकी में घुसा और डंडे से तोड़फोड़ कर दी। चौकी का लगभग 1 लाख 10 हजार का सामान नुकसान हुआ। CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई जारी है।”

फिलहाल की स्थिति

पुलिस ने आरोपी मोनू खटीक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वारदात ने एक बार फिर शहर में रात के समय सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।