बॉलीवुड के महान अभिनेता धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं हैं, और उनके जाने का दर्द सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि करोड़ों फैंस और परिवार पर साफ दिखाई दे रहा है। एक्टर के निधन के तीन दिन बाद उनकी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी से हुई एक निजी मुलाकात ने इस दुख को और गहरा कर दिया। यूएई के फिल्म डायरेक्टर हमद अल रेयामी ने हेमा मालिनी के साथ इस इमोशनल मुलाकात का ज़िक्र सोशल मीडिया पर किया है, जिसमें हेमा ने पहली बार अपने दिल का दर्द खुलकर साझा किया।
हेमा की टूटती आवाज़
हमद अल रेयामी ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि हेमा मालिनी से मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भारी था। एक शांत कमरे में सामने बैठीं हेमा मालिनी के चेहरे पर ऐसा गम था जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उनकी आवाज़ कांप रही थी। उन्होंने सबसे पहले यही कहा कि “काश मैं उस दिन फार्महाउस पर मौजूद होती। शायद कुछ और हो सकता था…” यह बात साफ झलकाती है कि धर्मेंद्र के अंतिम वक्त और अंतिम संस्कार को लेकर हेमा के मन में गहरा मलाल है।
धर्मेंद्र की अधूरी कविताओं का दर्द
मुलाकात के दौरान हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र की अधूरी कविताओं को याद करते हुए बताया कि वह अक्सर उनसे कहती थीं कि अपनी सुंदर कविताओं को किताब की शक्ल क्यों नहीं देते। लेकिन धर्मेंद्र हमेशा कहते “अभी नहीं… पहले थोड़ा और लिख लूँ।” दुर्भाग्य से, किस्मत ने उन्हें वह समय ही नहीं दिया। आज भी वे कविताएँ उनकी निजी डायरी में अधूरी पड़ी हैं और दुनिया शायद कभी उन्हें पढ़ नहीं पाएगी।
फैंस को आख़िरी दर्शन न मिलने का मलाल
हेमा मालिनी ने यह भी कहा कि धर्मेंद्र के फैंस उन्हें आखिरी बार देख नहीं पाए। यह बात उन्हें अंदर तक तोड़ जाती है। अंतिम संस्कार जल्दी होने के कारण कई लोग उन्हें श्रद्धांजलि भी नहीं दे पाए। हेमा के हर शब्द में धर्मेंद्र के प्रति गहरी मोहब्बत और उनका खोया हुआ साथ झलक रहा था।
हमद अल रेयामी की पोस्ट वायरल
हमद अल रेयामी ने लिखा “उनकी आंखों में इतना दर्द था कि मैं खुद संभल नहीं पा रहा था। उन्होंने मुस्कुराने की कोशिश की, पर वह मुस्कान भी टूट चुकी थी।” उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है, और फैंस हेमा मालिनी के इस दर्द से भावुक हो उठे हैं।