ग्वालियर, 2 मार्च। ग्वालियर की वैष्णवी पाण्डेय, अर्पिता पारीक, नंदिनी दीक्षित और स्मिति भानु ने नई दिल्ली स्थित तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में आयोजित पांचवीं यू-21, सीनियर एवं पैरा नेशनल कराते चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए “टीम काता” स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इन खिलाड़ियों ने एमपी स्पोर्ट्स कराते एसोसिएशन की टीम का प्रतिनिधित्व किया।
कराते डो एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर के सचिव शिहान सन्तोष पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारी खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल राउंड में भी दिल्ली टीम के खिलाफ बेहतर तालमेल और जोशीले अंदाज में परफॉर्मेंस करना जारी रखा । किंतु मामूली अंतर से दुर्भाग्यजनक हार का सामना करना पड़ा ।
यह प्रतियोगिता 26 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित की गई। इसका आयोजन वर्ल्ड कराते फेडरेशन एवं एशियन कराते फेडरेशन से के संयुक्त तत्वावधान में कराते इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) द्वारा किया गया था।
चैंपियनशिप में आईटीबीपी, असम राइफल्स और सर्विसेज (आर्मी, नेवी, एयरफोर्स) सहित देश के 34 राज्यों एवं इकाइयों की टीमों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर ग्वालियर के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। कराते इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) ने शिहान सन्तोष पाण्डेय को अपनी ऑर्गेनाइजिंग कमेटी का सदस्य नियुक्त करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति पर उन्होंने KIO अध्यक्ष हंशी भारत शर्मा, महासचिव संजीव जांगड़ा एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष सेंसेई महेश कुशवाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की प्रतिष्ठा के अनुरूप कार्य कर भरोसे पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
इस सफलता पर कराते डो एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर के अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय, उपाध्यक्ष डॉ. आदित्य भदौरिया, सतीश राजे, धर्मेन्द्र नागले, नवीन भिंडिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने वैष्णवी, अर्पिता, नंदिनी, स्मिति तथा शिहान सन्तोष पाण्डेय को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।