Sandhya Samachar

गॉव की खेल प्रतिभाओं को निखार रही है सरकार : सिंधिया

342 views

– जिला स्तरीय सांसद (राज्यसभा) खेल प्रतियोगिता का केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य ने किया शुभारंभ
— प्रतियोगिता में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों के करीब डेढ़ हजार खिलाड़ी कर रहे हैं शिरकत
— चार दिवसीय प्रतियोगिता में नौ तरीके के खेलों में अनेक खिलाड़ी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा

ग्वालियर। गॉव और कस्बों से भी खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएं और वे विश्व पटल पर देश का परचम लहराएं। सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें उभारने के लिए कटिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह बात कही।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने शनिवार को फूलबाग मैदान पर आयोजित जिला स्तरीय सांसद (राज्यसभा) खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलजुलकर अगले साल से यह प्रतियोगिता वार्षिक उत्सव की तर्ज पर आयोजित करें, जो सात दिन तक चले। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप ग्वालियर सहित संभाग के अन्य जिलों में इसी प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा सरकार खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए कटिबद्ध है।

पदकों का शतक
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में देश में खेलों को विशेष बढ़ावा दिया जा रहा है। इस दिशा में शुरू किए गए खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों की बदौलत देश के खिलाड़ी एशियन गेम्स, ओलम्पिक व अन्य विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में देश का परचम लहरा रहे हैं। हाल ही में आयोजित हुए एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक हासिल कर देश का मान बढ़ाया है।
श्री सिंधिया ने कहा खुशी की बात है कि जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता में जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने आए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि यह प्रतियोगिता हर साल और अलग-अलग स्थानों पर आयोजित करें, जिससे पूरे जिले में खेल के प्रति सकारात्मक माहौल बनें। प्रतियोगिता की सांध्य बेला में आध्यात्मिक व कला संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं।
श्री सिंधिया ने कहा कि ऐसे आयोजनों से देशी अर्थात पारंपरिक खेलों को संरक्षण मिलता है। साथ ही लोगों में खेल भावना पैदा होती है जो प्रगति के लिये जरूरी है।
केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ियों का इस अवसर पर सम्मान किया। उन्होंने हॉकी खिलाड़ी करिश्मा यादव व बॉक्सर रिषभ सिकरवार को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। रस्साकस्सी स्पर्धा के साथ ही प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इस दौरान सिंधिया ने पारंपरिक खेल सितौलिया खेला और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
— ग्वालियर की बदल रही है तस्वीर
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिये केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ग्वालियर को विकास की बड़ी-बड़ी सौगातें दिलाई हैं। जिससे ग्वालियर की तस्वीर बदल रही है। इसी कड़ी में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मौका देने के लिये जिला स्तरीय खेल महोत्सव आयोजित कराया है।
मूर्तरूप ले रहे हैं विकासकार्य
विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि ग्वालियर जिला विकास की नई उड़ान भर रहा है। सिंधिया की पहल पर ग्वालियर में तमाम विकास कार्य मूर्तरूप ले रहे हैं। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिये भी विशेष पहल की है।
जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता मेंं जिले की सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 1 हजार 478 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। इस दौरान स्कूली बच्चों ने लाठीबाजी व तलवारबाजी का रोमांचक प्रदशर्न किया। भुवन स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बैंड की मनमोहक प्रस्तुति दी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौर, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष इमरती देवी, बीज एवं फॉर्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, संत कृपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष हरिपाल सहित कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर टीएन सिंह व जिला खेल अधिकारी जोसेफ बक्सला सहित प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारी मौजूद थे।
इन प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
प्रतियोगिता में आठ खेल विधाएँ खो-खो, रस्साकसी, कबड्डी, बॉलीबॉल, सितौलिया, पॉवर लिफ्टिंग, लम्बी कूँद व गोला फेंक शामिल हैं। केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कुश्ती को भी प्रतियोगिता में शामिल करने के निर्देश आयोजन समिति को दिए हैं। इस लिहाज से अब नौ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

Leave a Comment

मौसम का मिज़ाज़

India, IN
broken clouds
34%
2.4km/h
74%
34°C
34°
34°
33°
Sun
28°
Mon
28°
Tue
29°
Wed
28°
Thu

About Us

हमारी वेबसाइट का प्रमुख उद्देश्य सार्वजनिक रूप से जानकारी प्रदान करना है, और हम आपको विभिन्न विषयों पर लेख और समाचार प्रस्तुत करने का प्रयास करते हैं।

Contact Info

Address:

Sandhya Samachar, In front of Hotel Shelter, Padav, Gwalior. 474002

Email:

info@oldsamachar.nezovix.in

Contact Number:

+91 94251 11819

© Copyright 2023 :- Sandhya Samachar, All Rights Reserved. Designed and Developed by Web Mytech