ग्वालियर | ग्वालियर में हथियार के टशन के चलते एक मां की जान चली गई और उसके बच्चे बेसहारा हो गए। थाटीपुर थाना क्षेत्र के तृप्ति नगर में रहने वाले मनोज कुशवाह के बेटे का डष्टोंन कार्यक्रम था। रविवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच मनोज का छोटा भाई योगेश भतीजे के जन्म की खुशी में अवैध कट्टे से हर्ष फायरिंग की तैयारी कर रहा था। योगेश कट्टे को बार-बार लोड और अनलोड कर रहा था। उसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया और गोली पास बैठी बच्चे की मां जाह्नवी उर्फ ज्योति कुशवाह के सिर में जा लगी। गोली लगने के बाद ज्योति की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पति मनोज और देवर योगेश ने पुलिस को सूचना देने की बड़ा डीप फ्रीजर मंगवाकर ज्योति के शव को उसमें रख दिया, ताकि शव खराब न हो और घटना की जानकारी बाहर न पहुंचे। रविवार रात करीब 11 बजे पति मनोज और देवर योगेश ने ज्योति के शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी की, जब मोहल्ले वालों ने पूछा तो दोनों ने आसपास के लोगों बताया कि ज्योति की बीमारी से मौत हो गई। पड़ोसियों को इस बात पर संदेह हुआ और उन्होंने तत्काल थाटीपुर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के आने की भनक लगते ही पति मनोज और देवर योगेश घर से फरार हो गए। थाटीपुर पुलिस ने देर रात ज्योति के शव को बरामद कर पीएम के लिए जयारोग्य अस्पताल भिजवाया है। पुलिस के मुताबिक देवर योगेश की गोली से ज्योति की मौत हुई है, इस मामले में जांच के साथ ही कार्रवाई की जा रही है।

