ग्वालियर। सेवाभाव और सामाजिक समरसता को आधार मानते हुए ग्वालियर पंजाबी परिषद समिति द्वारा 16वां पंजाबी युवक–युवती परिचय सम्मेलन 2025 का आयोजन रविवार, 28 दिसंबर 2025 को किया जा रहा है। सम्मेलन प्रातः 9:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक सहयोग गार्डन, तानसेन रोड, ग्वालियर में आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन प्रातः 11 बजे मध्य प्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्वालियर संभाग के संभागीय आयुक्त मनोज खत्री करेंगे।
पिछले 30 वर्षों से ग्वालियर स्टेशन पर निरंतर जल सेवा जैसी सेवाभावी गतिविधियां संचालित कर रही समिति इस परिचय सम्मेलन के माध्यम से समाज के युवक–युवतियों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी चयन का सुव्यवस्थित मंच उपलब्ध करा रही है। सम्मेलन में देश–विदेश से प्राप्त कुल 350 से अधिक बायोडाटा उपलब्ध रहेंगे। विभिन्न शहरों से आई समाज की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों के युवक–युवतियों के बायोडाटा का अवलोकन व प्रस्तुतीकरण करेंगी। सम्मेलन स्थल पर कुंडली मिलान की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए समाज द्वारा पंडित जी की व्यवस्था की गई है, जो पूरे समय उपस्थित रहकर दोनों पक्षों की जन्मपत्रिकाओं का मिलान करेंगे।
परिचय सम्मेलन की तैयारियां ग्वालियर पंजाबी परिषद समिति के अध्यक्ष अशोक मारवाह के मार्गदर्शन में तथा मुख्य संयोजिका श्रीमती प्रमिला मारवाह के कुशल निर्देशन में पिछले तीन माह से लगातार चल रही हैं। समिति के पाटनकर बाजार, लश्कर स्थित कार्यालय में प्रतिदिन सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक बायोडाटा जमा किए गए। सम्मेलन से पूर्व कार्यकर्ताओं द्वारा आपसी समन्वय से योग्य जोड़ों का प्रारंभिक मिलान भी किया गया, जिसमें अब तक 10 संभावित रिश्तों पर सहमति बन चुकी है।
समिति ने बताया कि यह आयोजन कुलवीर भारद्वाज (मुख्य संरक्षक), गोपाल सूरी (महासचिव), नरेंद्र बेदी (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), आत्म प्रकाश मोंगिया (कोषाध्यक्ष), कुलभूषण गंभीर (ऑफिस इंचार्ज) सहित अनेक सदस्यों की लगन और कड़ी मेहनत का परिणाम है।समिति ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सामाजिक पहल को सफल बनाने की अपील की है।
