डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। इस मामले के फरियादी हरेंद्र राणा का अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की दिशा को ही बदल दिया है।
जानकारी के अनुसार, पिछोर कस्बे में रेत कारोबार से जुड़े दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर पहले गाली-गलौज और कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट और फायरिंग में बदल गई। दोनों गुट पहले एक साथ रहकर रेत का कारोबार करते थे, लेकिन कुछ दिन पहले अलग होकर अलग-अलग कंपनियों के माध्यम से रेत का काम शुरू किया था। इसी बंटवारे के बाद दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई तेज हो गई।
इस मामले की जांच में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर और एसडीओपी सौरभ कुमार को पता चला है कि हरेंद्र राणा ने भी फायरिंग की थी। जांच में सामने आया कि वह एक नहीं बल्कि दो अवैध हथियार हाथ में लेकर विवाद को उकसा रहा था, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। वहीं, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची 112 डायल की एफआरवी पुलिस टीम के साथ भी रेत कारोबारियों ने मारपीट की। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सतेंद्र सिंह यादव जब वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे, तभी आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन लिया और शासकीय वाहन के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने पूरे मामले में रेत कारोबारियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है