आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी मंगलवार को होने जा रही है, जिस पर क्रिकेट फैंस और फ्रेंचाइजियों की नजरें टिकी हुई हैं। इस बार नीलामी में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जो 77 खिलाड़ियों को खरीदने के लिए उतरेंगी। सभी टीमों के पास मिलाकर 237 करोड़ 55 लाख रुपये का कुल बजट उपलब्ध है। हालांकि, कुछ टीमें मजबूत पर्स के साथ मैदान में उतरेंगी, जबकि कुछ के पास सीमित विकल्प ही मौजूद हैं।
इस नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन सबसे बड़े आकर्षण के तौर पर उभर सकते हैं। विश्व स्तरीय तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों की सीमित उपलब्धता के कारण ग्रीन पर छप्पर फाड़ बोली लगने की पूरी संभावना है। कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स जैसी टीमें इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को हासिल करने के लिए आक्रामक रुख अपना सकती हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स के पास इस नीलामी में सबसे बड़ा पर्स है। टीम के खाते में 64 करोड़ 30 लाख रुपये उपलब्ध हैं और उसे 13 खिलाड़ियों को खरीदना है। केकेआर की रणनीति टीम को नए सिरे से तैयार करने की होगी। वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स के पास 43 करोड़ 40 लाख रुपये का बजट है और वह भी नीलामी में मजबूत चुनौती पेश कर सकती है।
कैमरन ग्रीन का आईपीएल रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 29 आईपीएल मैचों में 704 रन बनाने के साथ 16 विकेट भी झटके हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में नियमित खिलाड़ी हैं, जिससे उनकी मांग और भी बढ़ जाती है। इसके अलावा भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर और इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन पर भी बड़ी बोली लग सकती है।
हालांकि, मुंबई इंडियंस इस नीलामी में ज्यादा सक्रिय नजर नहीं आएगी। टीम के पास केवल 2 करोड़ 75 लाख रुपये का पर्स बचा है, जिसके चलते वह ज्यादातर अनकैप्ड खिलाड़ियों को उनके बेस प्राइस पर ही खरीदने की स्थिति में है।
केकेआर ने अनुभवी खिलाड़ी आंद्रे रसेल को रिलीज कर दिया है और उन्हें टीम का नया ‘पावर कोच’ बनाया गया है। ऐसे में टीम को शीर्ष क्रम के दो मजबूत बल्लेबाजों और एक भरोसेमंद ऑलराउंडर की तलाश है। वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर भले ही ज्यादा चर्चा में न हों, लेकिन उनकी ऑलराउंड क्षमता उन्हें नीलामी का अहम नाम बना सकती है। कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 की यह मिनी नीलामी कई बड़े फैसलों, रिकॉर्ड बोली और चौंकाने वाले चयन की गवाह बन सकती है।