ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक सरकारी बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से गिरकर डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चे के माता-पिता उसी मंजिल पर मजदूरी कर रहे थे और बच्चा वहीं खेल रहा था। मृतक का परिवार पन्ना जिले से मजदूरी करने ग्वालियर आया हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कैसे हुआ हादसा?
पन्ना जिले के रहने वाले पूरन वंशकर और उनकी पत्नी लक्ष्मी पिछले डेढ़ साल से अपने तीन बच्चों डेढ़ साल के आर्यन, 3 वर्षीय हनुमान और 5 वर्षीय आदित्य के साथ ग्वालियर में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार दोपहर दंपती अपने बच्चों को कमरे में छोड़कर बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर काम करने चले गए। उसी दौरान भूख लगने पर छोटा बच्चा आर्यन कमरे में रोने लगा।
रोता देख पास की झोपड़ी में रहने वाला एक लड़का उसे गोद में उठाकर आठवीं मंजिल पर उसकी मां के पास दूध पिलाने ले आया। बच्चे की मां ने उसे दूध पिलाकर वहीं बगल में सुला दिया और फिर काम में लग गई। पिता भी उसी मंजिल पर कुछ दूरी पर काम कर रहा था।
इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते बिल्डिंग की बाउंड्री के पास पहुंच गया। कुछ ही सेकंड में उसका पैर फिसला और वह आठवीं मंजिल से नीचे गिर गया। नीचे गिरते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोग बच्चे को तुरंत मुरार अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताई घटना की पूरी कहानी
हरिलाल वंशकर (रिश्तेदार) ने बताया कि माता-पिता रोज की तरह मजदूरी करने गए थे और बच्चे कमरे में थे। आर्यन रोने लगा तो पड़ोस का लड़का उसे मां के पास ले गया। दूध पिलाने के बाद जैसे ही बच्चे को लेटा दिया गया, थोड़ी देर बाद वह खेलते-खेलते बाउंड्री के किनारे जा पहुंचा और नीचे गिर गया।
पुलिस का क्या कहना है?
सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि सरकारी बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से गिरकर एक डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई है। माता-पिता मजदूरी कर रहे थे और बच्चा वहीं मौजूद था। हादसे की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।