ग्वालियर की गोलार घाटी में दिखे दो चीते, ग्रामीणों में दहशत का माहौल, वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर की गोलार घाटी में दिखे दो चीते, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

ग्वालियर जिले के भितरवार अनुविभाग के करहिया थाना क्षेत्र स्थित गोलार घाटी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे गायों के झुंड के बीच दो चीते खुलेआम घूमते हुए दिखाई दिए। यह दृश्य वहां से गुजर रहे लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो कुछ ही देर में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में भय और सतर्कता का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही लोगों ने अपने वाहनों से इन चीतों को देखा, उन्होंने तुरंत ही कारों के शीशे बंद कर लिए और सुरक्षित दूरी से घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। वन क्षेत्र होने के बावजूद सड़क मार्ग के इतने नजदीक चीते देखे जाने से ग्रामीणों में खौफ और बढ़ गया है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, करहिया गांव के मकरध्वज मंदिर के पास स्थित जंगल से होकर मोहन क्षेत्र के घाटी गांव तक पहुंचने के लिए गोलार घाटी का मार्ग उपयोग किया जाता है। गुरुवार की सुबह जैसे ही इस रास्ते पर आवागमन शुरू हुआ, तभी जंगल किनारे दो चीते गायों के झुंड के बीच घूमते नजर आए। शुरुआत में लोगों को यह दृश्य देखकर घबराहट हुई, लेकिन बाद में उन्होंने वाहनों के अंदर से सुरक्षित रहते हुए वीडियो बना लिया।

वीडियो वायरल होने के बाद जंगल से लगे गांवों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गश्त बढ़ाने, क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने तथा बड़े वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आसपास के गांवों को सतर्क रहने की सलाह दी है और वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। गोलार घाटी में चीतों की इस अप्रत्याशित मौजूदगी ने एक बार फिर मानव बस्तियों के करीब वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read

Top Stories
Related Post