मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां राजस्व विभाग में पदस्थ एक शासकीय महिला कर्मचारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि उसके सरकारी इंजीनियर पति ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली और अब सरकारी तंत्र के कुछ लोगों की मदद से खुद का ट्रांसफर इंदौर नगर निगम में करा लिया है। महिला ने इस मामले में ग्वालियर पुलिस के विवादित ASI राजकिशोर त्रिपाठी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जो उसके पति को इस पूरे मामले में “नियम विरुद्ध सहायता” देने के आरोपी हैं।
स्मिता दंडोतिया की गुहार — “पति ने दूसरी शादी कर बच्चा भी पैदा कर लिया”
मुरैना जिले के राजस्व विभाग में पदस्थ स्मिता दंडोतिया ने बताया कि वर्ष 2019 में उनकी शादी भिंड निवासी इंजीनियर अमित शर्मा से हुई थी। दोनों की शादी शुरुआत में सामान्य रही, लेकिन कुछ समय बाद उनके रिश्ते बिगड़ने लगे।
स्मिता के मुताबिक, उनकी ड्यूटी मुरैना में होने के कारण वह सप्ताहांत में अपने पति के पास भिंड जाया करती थीं, लेकिन धीरे-धीरे पति अमित उनसे दूरियां बनाने लगे और झगड़े करने लगे। इसके बाद, करीब डेढ़ साल पहले अमित शर्मा ने उत्तर प्रदेश की एक लड़की से गुपचुप शादी कर ली। इतना ही नहीं, स्मिता का दावा है कि उनके पति के दूसरी पत्नी से एक बच्चा भी है।
ASI राजकिशोर त्रिपाठी पर नियम विरुद्ध मदद का आरोप
स्मिता ने मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि ग्वालियर पुलिस के ASI राजकिशोर त्रिपाठी, जो उनके पति के रिश्तेदार हैं,उनने अमित शर्मा को दूसरी शादी में अवैध रूप से सहयोग किया। उनका कहना है कि ASI त्रिपाठी ने अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए न केवल अमित की सहायता की, बल्कि उनकी ओर से दर्ज शिकायतों को भी प्रभावहीन करने की कोशिश की। गौरतलब है कि राजकिशोर त्रिपाठी पहले भी विवादों में रह चुके हैं। हाल ही में मुरार अस्पताल में एक महिला पत्रकार से बदसलूकी के मामले में भी उनका नाम सामने आया था।
इंदौर नगर निगम में ट्रांसफर, महिला बोली — “पति सरकारी सिस्टम का फायदा उठा रहा है”
स्मिता का कहना है कि उनके पति अमित शर्मा ने अब भिंड से इंदौर नगर निगम में ट्रांसफर करा लिया है, ताकि वे उनसे और उनके परिवार से पूरी तरह अलग रह सकें। उनका आरोप है कि पति ने प्रभावशाली अधिकारियों की मदद से इस ट्रांसफर को मंजूरी दिलवाई।
स्मिता ने कहा कि उन्होंने अपने पति और ASI दोनों के खिलाफ ग्वालियर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
“मुख्यमंत्री से उम्मीद है न्याय की”: स्मिता दंडोतिया
स्मिता ने बताया कि वह अब सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से न्याय की मांग कर रही हैं। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक महिला की व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, बल्कि न्याय व्यवस्था में महिलाओं की आस्था की परीक्षा भी है।
उन्होंने कहा —“मेरे पति ने न केवल कानून का उल्लंघन किया है, बल्कि सरकारी व्यवस्था का भी दुरुपयोग किया है। मैं चाहती हूं कि मुख्यमंत्री जी इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाएं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।”
पुलिस ने जांच की बात कही
इस पूरे मामले पर ग्वालियर पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, विभागीय स्तर पर संबंधित ASI के खिलाफ रिपोर्ट तैयार की जा रही है।