बॉलीवुड के मशहूर गायक अदनान सामी, जो अपनी मधुर आवाज़ और यादगार गीतों के लिए जाने जाते हैं, इस बार धोखाधड़ी के एक गंभीर मामले को लेकर चर्चा में हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली लावण्या सक्सेना ने अदनान सामी और उनकी टीम पर ठगी का आरोप लगाते हुए जिला न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई है।
यह मामला 28 अक्टूबर 2025 को अदालत में सुनवाई के लिए पेश हुआ, जहां से कोर्ट ने इंदरगंज थाना प्रभारी और एसपी ग्वालियर से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। जानकारी के अनुसार, लावण्या सक्सेना ने वर्ष 2022 में ग्वालियर में अदनान सामी का एक संगीत कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव दिया था। कार्यक्रम की तारीख 27 सितंबर 2022 तय हुई थी, जिसके लिए कुल 33 लाख रुपये की डील हुई। आयोजक लावण्या ने अदनान सामी की टीम को ₹17 लाख 62 हजार रुपये एडवांस के रूप में भुगतान भी किया था।
लेकिन कार्यक्रम तय तारीख पर नहीं हुआ और न ही पैसे वापस मिले।आरोप है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद अदनान सामी की टीम ने न तो शो की नई तारीख दी और न ही एडवांस लौटाया। इस पर लावण्या ने इसे धोखाधड़ी बताते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट ने पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगते हुए जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।