ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र में करीब 12 साल से बिना भारतीय नागरिकता के रह रहे आठ बांग्लादेशी मुस्लिम नागरिकों का खुलासा हुआ है। यह जानकारी तब सामने आई जब हरियाणा के पानीपत में पकड़े गए उनके बांग्लादेशी रिश्तेदारों से पूछताछ के दौरान ग्वालियर का लिंक मिला।
पानीपत पुलिस की सूचना के बाद ग्वालियर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन सभी संदिग्धों को निगरानी में लिया है। बताया जा रहा है कि इन सभी का मूल निवास बांग्लादेश के जेस्सोर शहर में है।
खुफिया एजेंसियां हुईं सक्रिय
महाराजपुरा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यह मामला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहीं पर एयरबेस स्थित है। जैसे ही बांग्लादेशियों के यहां रहने की सूचना मिली, खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सूत्रों के अनुसार, एजेंसियां अब इन लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि वे इतने वर्षों से भारत में कैसे रह रहे थे और इनके संपर्क किन-किन लोगों से थे।
मोबाइल से मिले कई संदिग्ध नंबर
ग्वालियर पुलिस को इन बांग्लादेशी नागरिकों के मोबाइल फोनों से कई संदिग्ध नंबर भी मिले हैं। पुलिस और खुफिया विभाग अब उन नंबरों की जांच में जुट गए हैं ताकि किसी बड़े नेटवर्क या अवैध गतिविधि का खुलासा किया जा सके।
जल्द होगी बांग्लादेश वापसी की कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि सभी के पास कोई वैध नागरिकता या वीजा दस्तावेज नहीं हैं। खुफिया एजेंसियों की पूछताछ के बाद प्रशासन कानूनी प्रक्रिया पूरी कर इन्हें बांग्लादेश वापस भेजने की तैयारी कर रहा है।
संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई
महाराजपुरा एयरबेस के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।