ग्वालियर : ग्वालियर में एक महिला प्रोफेसर के साथ सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र ने महिला प्रोफेसर पर फिजिकल रिलेशन बनाने का दबाव डाला और मना करने पर उसे एसिड अटैक की धमकी दी।
घटना के बाद डरी-सहमी प्रोफेसर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
छात्र से पहचान बनी, फिर शुरू हुआ उत्पीड़न
मुरार थाना क्षेत्र में रहने वाली 40 वर्षीय महिला प्रोफेसर ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी छात्र दुष्यंत सागर, शिवपुरी का रहने वाला है और वही कॉलेज में पढ़ाई करता है जहाँ वे अध्यापन करती हैं। कॉलेज के माहौल में बातचीत के चलते दोनों के बीच पहचान हो गई थी। इस दौरान दुष्यंत ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए प्रोफेसर से 30 हज़ार रुपए उधार ले लिए। शुरुआत में यह सामान्य बातचीत थी, लेकिन धीरे-धीरे छात्र ने महिला प्रोफेसर पर नाजायज दबाव डालना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने फिजिकल रिलेशन बनाने की ज़िद की और मना करने पर धमकियां देने लगा।
लगातार मिल रही थी धमकियां, 1 अक्टूबर को दिया एसिड अटैक का डर
महिला प्रोफेसर ने बताया कि दुष्यंत 10 सितंबर से लगातार उन्हें धमका रहा था। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने उन्हें डराना शुरू कर दिया। 1 अक्टूबर की शाम को आरोपी ने महिला प्रोफेसर का रास्ता रोक लिया और एसिड अटैक करने की धमकी दी। इससे घबराई महिला थाने पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला प्रोफेसर ने अपने परिवार के साथ मिलकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शुरू की जांच
मुरार पुलिस ने महिला प्रोफेसर की शिकायत पर आरोपी दुष्यंत सागर के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, धमकी देने और महिला उत्पीड़न जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।