ग्वालियर। समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को समर्पित लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233E1 का वार्षिक “सेवा सप्ताह — सेवांकुर 2025” आज से शुरू हो रहा है। यह विशेष आयोजन 4 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके तहत प्रतिदिन अलग-अलग सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जागरूकता आधारित गतिविधियाँ की जाएँगी। आयोजन के अंत में 12 अक्टूबर को सेन्को कृष्णा अवार्ड नाइट का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट सेवा कार्यों का सम्मान किया जाएगा।
सेवा सप्ताह के संबंध में जीवाजी क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें चेयरमैन अजय सपरा ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना को और सशक्त करना है।
सेवांकुर सप्ताह की प्रमुख गतिविधियाँ:
4 अक्टूबर:
लायंस क्लब प्रेरणा और गैलेक्सी की मेजबानी में कैंसर हॉस्पिटल में सुबह 10 बजे से आयोजन होगा। इसमें डॉक्टर भावनात्मक, मानसिक और सामाजिक कल्याण पर अपने व्याख्यान देंगे। सभी क्लब इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
5 अक्टूबर:
लायंस क्लब दिशा के तत्वाधान में कैंसर जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली सुबह 8 बजे फ्लैग पॉइंट से शुरू होकर डॉ. रमन केन कैंसर हॉस्पिटल पर समाप्त होगी। इस दौरान निःशुल्क कैंसर जांच शिविर भी लगेगा।
6 अक्टूबर:
दिन पशु एवं पक्षी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। सभी क्लब अपने स्तर पर पशु-पक्षियों की सेवा संबंधी कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
7 अक्टूबर:
लायंस क्लब सेंट्रल और लायंस क्लब समर्पण के तत्वाधान में डिप्रेशन से मुक्ति के लिए मेगा योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 7 से 8 बजे तक जीवाजी क्लब में होगा।
8 अक्टूबर:
विभिन्न स्कूलों में पीस पोस्ट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें बच्चे शांति और एकता का संदेश देंगे।
9 अक्टूबर:
क्लब सदस्य अन्नपूर्णा भोजन प्रसादी का वितरण करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया जाएगा।
10 अक्टूबर:
लायंस क्लब ओजस और लायंस क्लब श्रील विशेष सक्षम व्यक्तियों की सहायता हेतु बड़े स्तर पर व्हीलचेयर, बैसाखी और अन्य उपकरण वितरण करेंगे।
11 अक्टूबर:
सभी क्लब मिलकर मधुमेह जांच शिविर लगाएंगे, जिसमें लोगों की निःशुल्क जांच और परामर्श दिया जाएगा।
12 अक्टूबर को सेन्को कृष्णा अवार्ड नाइट
सेवा सप्ताह के समापन पर 12 अक्टूबर की शाम को सेन्को कृष्णा अवार्ड नाइट का आयोजन होगा। इस भव्य कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर राजेश वाटवानी और को-कोऑर्डिनेटर श्याम भल्ला होंगे। कार्यक्रम में मेगा हाउजी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सोने का सिक्का, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन जैसे शानदार इनाम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन संदीपा मल्होत्रा और जुबेर रहमान करेंगे, जबकि एक विशेष लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसे बिल्कुल नए अंदाज़ में प्रस्तुत किया जाएगा।
मार्गदर्शन और संयोजन टीम
पूरा आयोजन प्रांतपाल सुधीर बाजपेई, पूर्व प्रांतपाल विकास गंगवाल, पूर्व प्रांतपाल नितिन मांगलिक और राजेश बनवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।
सेवा सप्ताह के चेयरमैन अजय सपरा, सलाहकार सुनील शर्मा और प्रदीप शर्मा, सचिव डॉ. रजनीश नीखरा, कोषाध्यक्ष राज शिवहरे और पीआरओ प्रीति सिंह हैं।
कार्यक्रम का होस्ट क्लब लायंस क्लब सेंट्रल रहेगा, जिसके अध्यक्ष संजय नीखरा हैं।
एडवाइजरी कमेटी में जे.एस. गुप्ता, ज्योति अग्रवाल (स्पेशल ऑफिसर), रीजन चेयरपर्सन नरेंद्र सिंघल, शशिभूषण सिंघल, भूपेंद्र तोमर, वंदना जाजू और प्रेरणा क्लब अध्यक्ष रूपा आनंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
मंच संचालन डॉ. रजनीश नीखरा द्वारा किया जाएगा।