ग्वालियर में स्कूटी हटाने के विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग, खुद को ‘भोला गुर्जर’ बताने वाला बदमाश फरार

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

ग्वालियर में स्कूटी हटाने के विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग, खुद को ‘भोला गुर्जर’ बताने वाला बदमाश फरार

ग्वालियर में सोमवार देर रात स्कूटी हटाने को लेकर हुआ मामूली विवाद गोलीबारी में बदल गया। कार सवार युवक ने खुद को भोला गुर्जर बताते हुए पिस्टल से लगातार पांच राउंड फायर कर इलाके में दहशत फैला दी। यह घटना रात करीब 10:30 बजे पिंटो पार्क स्थित देशी शराब की दुकान के पास हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ विवाद?

गोला का मंदिर क्षेत्र की नारायण विहार कॉलोनी निवासी छात्र अर्पित शर्मा अपने दोस्त के बीमार बेटे को देखने बिड़ला अस्पताल गया था। लौटते समय वह फल खरीदने के लिए पिंटो पार्क मार्केट रुका। तभी बिना नंबर की सफेद कार का चालक यू-टर्न लेते वक्त उससे स्कूटी हटाने को कहने लगा। अर्पित ने जवाब दिया कि उसकी स्कूटी साइड में ही खड़ी है, जिस पर कार सवार युवक भड़क उठा।

बोला- “मुझे भोला गुर्जर कहते हैं” और चला दी पिस्टल

कार चालक ने खुद को भोला गुर्जर बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने पिस्टल निकालकर हवा में पांच राउंड फायर कर दिए। अचानक हुई गोलीबारी से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। आरोपी गोलियां चलाने के बाद गालियां देता हुआ कार में बैठकर फरार हो गया।

दहशत में आए राहगीर

गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा। बाजार में मौजूद लोग और राहगीर जहां-जहां जगह मिली वहां छुप गए। घटना के बाद अर्पित डरकर सीधे अपने घर चला गया, लेकिन परिजनों के समझाने पर देर रात गोला का मंदिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी हरेन्द्र शर्मा ने बताया कि “स्कूटी हटाने को लेकर विवाद पर गोलीबारी की घटना हुई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।”

यह घटना ग्वालियर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।