चकलेश्वर धाम स्थित माँ काली कामाख्या धाम के पावन परम पूज्य संत श्री अनिल शंकर नंदगिरि महाराज जी के पावन सानिध्य में दिनांक 8 सं 14 फरवरी के मध्य सामूहिक श्रीमद्भागवत कथा एवं महाशिवार्चन का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया जा रहा है।
यह सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान चकलेश्वर धाम के जय माँ काली कामाख्या मंदिर परिसर में वैदिक परंपराओं एवं विधि.विधान के अनुरूप संपन्न होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 8 फ़रवरी रविवार को प्रातः 10 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। कलश यात्रा नंदेश्वर महादेव मंदिर गोल पहाड़िया से प्रारंभ होकर भक्तिमय वातावरण में चकलेश्वर धाम, जय माँ काली कामाख्या धाम पहुँचेगी।
आयोजन के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक महाशिवार्चन किया जाएगा। वहीं प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य श्री रवि तिवारी जी द्वारा किया जाएगा।
कथा प्रसंगों पर आधारित सुंदर एवं मनोहारी झांकियों का भव्य आयोजन कार्यक्रम का मुख्य आर्कषण रहेगा। जिनके माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण एवं भगवान शिव से जुड़े दिव्य प्रसंगों का सजीव प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन एक संत.महापुरुष का पावन आगमन भी होगा, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
श्रीमद्भागवत कथा का विधिवत समापन 14 फरवरी को होगा। इसके उपरांत 15 फ़रवरी 2026 को पूर्ण विधि-विधान से पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समस्त श्रद्धालुओं हेतु प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था रहेगी।
इस पावन आयोजन के संयोजक श्री केशव पांडेय जी तथा सह संयोजक श्री आकाश मिश्रा हैं। आयोजन समिति द्वारा क्षेत्र के समस्त भक्तों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का विनम्र अनुरोध किया गया है।