वैष्णो देवी यात्रा अगले तीन दिन रद्द, मौसम अलर्ट के कारण श्रद्धालु रहें सतर्क

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

वैष्णो देवी यात्रा अगले तीन दिन रद्द, मौसम अलर्ट के कारण श्रद्धालु रहें सतर्क

अगर आप भी वैष्णो देवी की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो रुक जाएं। जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने आगामी तीन दिनों तक यात्रा स्थगित करने का आदेश जारी किया है। रियासी में स्थित शिवखोड़ी यात्रा भी इसी अवधि के लिए स्थगित रहेगी। यह आदेश शुक्रवार देर रात जारी किया गया।

श्राइन बोर्ड ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जानकारी दी कि भारत मौसम विभाग (IMD) की ओर से जारी मौसम संबंधी चेतावनी के कारण वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक बंद रहेगी।

मौसम विभाग की चेतावनी

जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग ने 4 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की जानकारी दी और 5 से 7 अक्टूबर तक भारी बारिश, तेज हवाएं और पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट जारी किया। इस दौरान नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की आशंका है। भूस्खलन की संभावना के चलते जम्मू-श्रीनगर हाईवे, मुगल रोड, बांदीपोरा-राजदान दर्रा और गुरेज सड़क सहित कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पूर्व हादसे की याद

26 अगस्त 2025 को वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ था, जिसमें 34 श्रद्धालुओं की मौत और 22 लोग घायल हुए थे। भारी बारिश के कारण त्रिकुटा पहाड़ियों के अर्द्धकुंवारी के पास लैंडस्लाइड हुआ था। इसी कारण, श्राइन बोर्ड ने तत्काल यात्रा स्थगित की थी।

श्राइन बोर्ड की नई चेतावनी

मौजूदा मौसम की गंभीरता को देखते हुए श्राइन बोर्ड ने एक बार फिर यात्रा स्थगित करने की घोषणा की है। बोर्ड ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखें और किसी भी जोखिम से बचें।