केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्रीने घाटीगांव से जारी की लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त

Picture of By: Sandhya Samachar Team

By: Sandhya Samachar Team

Share

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्रीने घाटीगांव से जारी की लाड़ली बहना योजना की 34वीं किस्त

ग्वालियर/भोपाल। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की उपस्थिति में आज शुक्रवार को ग्वालियर के भितरवार से प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 34वीं किस्त की राशि जारी की। इस अवसर पर कुल ₹1863 करोड़ की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी।  केन्द्रीय मंत्री ने इसे मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए क उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सशक्तिकरण का उत्सव है। सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि वो कांग्रेस का कालखंड था जब प्रधानमंत्री एक रुपया भेजते थे लेकिन लाभार्थी के पास 15 पैसे ही आते थे, लेकिन आज भाजपा सरकार में प्रधानमंत्री के बटन दबाते ही पैसा लाभार्थियों के पास पहुंच जाता है। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, मध्य प्रदेश कैबिनेट में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और स्थानीय विधायक मोहन सिंह राठौर सहित अन्य नेता भी उपस्थित रहे। 

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मजबूत हो रहा महिला सशक्तिकरण

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने ‘अंत्योदय’ के संकल्प को व्यवहार में उतारते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। उन्होंने कहा जब यह योजना प्रारंभ हुई थी, तब हमारी बहनों को ₹1000 प्रतिमाह की राशि दी जाती थी। लेकिन मध्य प्रदेश के संवेदनशील और दूरदर्शी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी का स्पष्ट मानना था कि हमारी बहनों को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ भाजपा सरकार ने इस सम्मान राशि को पहले ₹1000 से बढ़ाकर ₹1250 किया गया और आज इसे बढ़ाकर ₹1500 प्रतिमाह कर दिया है और अगले पाँच साल इसे ₹3000 करने का संकल्प लिया है। एक जमाने में बेटियों को बोझ माना जाता था लेकिन आज जब बेटी पैदा होती है तो वो लाडली लक्ष्मी बनकर आती है। सिंधिया ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को “डबल हैंडेड बैट्समैन” बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एक हाथ में लाडली बहना योजना लेकर आए हैं और दूसरे हाथ में घाटीगांव के लिए विकास परियोजनाओं की सौगात लेकर आए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लिखा जा रहा महिला सशक्तिकरण का नया अध्यायः सिंधिया

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत की महिलाएँ विकास की मुख्यधारा में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत नारीशक्ति को सशक्त किया जा रहा है। यह लाडली बहना योजना की पहल इसी शृंखला में हमारी नारी शक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की एक बड़ा कदम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 हज़ार करोड़ की पीएम जनमन योजना चलाई जा रही है। जिससे सुनिश्चित किया जा रहा है आदिवासियों को सड़कें मिलें, अस्पताल मिले और शिक्षा सहित सभी सुविधाएं मिलें।

भितरवार के विकास को मिली नई गति

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने भितरवार विधानसभा क्षेत्र के लिए स्वीकृत और प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत चीनोर-करैया मार्ग से करैया-भितरवार मार्ग तक लगभग 33 किलोमीटर लंबी कंक्रीट सड़क का निर्माण ₹82.04 करोड़ की लागत से किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय व्यापार तथा आवागमन को गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्रीय विकास से जुड़ी नौ प्रमुख मांगें भी रखीं, जिनमें शबरी माता के वृहद मंदिर का निर्माण एवं उसमें भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना, भगवान देवनारायण मंदिर पर प्रतिवर्ष भव्य मेले का आयोजन, भितरवार के पीएचसी को सिविल अस्पताल में उन्नत करना, घाटीगांव के उपस्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में परिवर्तित करना, भितरवार और घाटीगांव में नए आईटीआई कॉलेज की स्थापना, हरसी बांध के कैनाल सिस्टम का उन्नयन एवं भितरवार कृषि उपज मंडी का विस्तार, ₹120 करोड़ की आरोन–पाटई उद्वहन सिंचाई योजना की स्वीकृति तथा चीनोर, करैया और घाटीगांव में CM Rise संदीपनी विद्यालयों की स्थापना जैसी मांगें शामिल हैं।

Also Read

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विजन और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश और देश की मातृशक्ति सशक्त होकर नए भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभा रही है, और यही शक्ति आने वाले समय में ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करेगी।

कुशवाह समाज के युवक युवती परिचय सम्मेलन में नवदंपतियों को दी शुभकामनाएं

इस कार्यक्रम के पहले केन्द्रीय मंत्री मुरार में आयोजित कुशवाहा समाज के विशाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में समाज के बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं और परिवारों को संबोधित करते हुए उन्होंने समाज की गौरवशाली परंपराओं का स्मरण कराया और नई पीढ़ी से आधुनिकता के साथ अपने संस्कारों, मर्यादाओं और सामाजिक एकता को सहेजकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Top Stories
Related Post