उद्भव साहित्यिक मंच की काव्य गोष्ठी आयोजित, रचनाकारों ने खिलाए शब्दों के फूल
ग्वालियर। उद्भव साहित्यिक मंच की काव्य गोष्ठी का आयोजन संस्था के सचिव दीपक तोमर के दीनदयाल नगर स्थित आवास पर किया गया। साहित्यकार सुरेंद्र सिंह परिहार की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में शहर के साहित्यकार व रचनाकारों ने शिरकत की।
रचनाकार उमा उपाध्याय ने वीणा वादिनी हंस वाहिनी मॉँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सुमधुर आवाज में देवी की वंदना के साथ गोष्ठी का आगाज किया।

इस दौरान रामचरण रुचिर, अरविंद सिंह जादौन, डॉ. किंकरपाल सिंह जादौन, रामलखन शर्मा, राजेश शर्मा, शिव नन्दन सिंह बैस, ललित मोहन त्रिवेदी एवं अनंग पाल सिंह भदौरिया ने सावन के सुहाने मौसम में अपनी उत्कृष्ट रचनाओं के माध्यम से शब्दों के फूल खिलाकर सुखद अहसास कराया। जगदीश महामना ने मणिपुर की तात्कालिक घटना पर भाव विभोर कर देने वाली रचना का वाचन कर उपस्थित रचनाकारों को सोचने पर मजबूर कर दिया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय ने संस्था की गतिविधियों एवं उसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला । साथ ही उन्होंने सचिव तोमर के साथ मिलकर सुरेंद्र सिंह परिहार को पुष्पहार पहनाकर शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। संस्था के उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह कुशवाहा ने मन-मस्तिष्क पर छाप छोड़ देने वाला संचालन कर जमकर वाहवाही लूटी। अंत में सचिव तोमर ने आभार व्यक्त किया।