ग्वालियर जिले के मोहना थाना क्षेत्र से मामला सामने आया है, जहाँ कुए के पानी के उपयोग को लेकर दो परिवारों के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
डेढ़ साल से चल रहा था विवाद
यह पूरा मामला मोहना थाना क्षेत्र के टीकला गांव का है। गाँव में रहने वाले हरदौल परिहार, सुमन परिहार, घनश्याम परिहार और रानी परिहार ने ग्वालियर स्थित एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके पड़ोस में रहने वाले प्रमोद परिहार, कप्तान परिहार, नारायण परिहार और दीवान परिहार के साथ उनका विवाद पिछले करीब डेढ़ साल से चला आ रहा है।
कुए की सिंचाई को लेकर हुआ बवाल
पीड़ितों के अनुसार, विवाद का कारण खेत में बना एक कुआं है, जिसका इस्तेमाल खेती की सिंचाई के लिए किया जाता है। उनका दावा है कि यह कुआं पूरी तरह से उन्हीं के खेत में स्थित है और इसके स्वामित्व से जुड़े दस्तावेज भी उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद दूसरा पक्ष कुएं के पानी के उपयोग को लेकर आए दिन विवाद करता रहता है।
मारपीट में चार लोग गंभीर रूप से घायल
परिवार का आरोप है कि शनिवार को इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरे पक्ष ने उनके साथ जमकर मारपीट कर दी। जिससे परिवार के चार सदस्य को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मामले की शिकायत के बावजूद स्थानीय पुलिस उनकी बात गंभीरता से नहीं सुन रही है। उनका कहना है कि वे लगातार अपने दस्तावेज दिखा रहे हैं, फिर भी पुलिस ने दोनों पक्षों पर ही केस दर्ज कर दिया, जिससे उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।
पुलिस का पक्ष
इस मामले पर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से शिकायत मिलने पर क्रॉस में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।